बाइक चुराकर भाग रहे युवक को पकड़ा
पिपराजटामपुर गांव का निवासी है आरोपी
संवाद न्यूज एजेंसी
कुबेरस्थान। थानाक्षेत्र के खह्नवार मंदिर चौराहे से मंगलवार की रात करीब आठ बजे एक दुकान के बाहर खड़ी बाइक चुराकर भाग रहे चोर को लोगों ने पकड़ लिया। उसे पुलिस को सौंप दिया गया। बुधवार को पुलिस ने उसके खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया।
कुबेरस्थान थानाक्षेत्र के खह्नवार बकलोलही गांव के निवासी सुधीर चौहान खह्नवार मंदिर चौराहे पर सहज जनसेवा केंद्र संचालित करते हैं। मंगलवार की रात करीब आठ बजे उनकी बाइक दुकान के बाहर खड़ी थी। जैसे ही वह दुकान बंद कर बाहर निकले, उनकी बाइक वहां नहीं थी। वाहन स्वामी ने इसकी सूचना 112 नंबर एवं कुबेरस्थान थाने की पुलिस को फोन से दी। इसके कुछ देर बाद बाइक के साथ चोरी के आरोपी को पकड़ लिया गया। उसका नाम सुनील खरवार है, जो पिपराजटामपुर गांव का निवासी है।
पोल्ट्री व्यवसायी को पीटकर छीने 50 हजार
बनकटा बाजार। पटहेरवा थानाक्षेत्र के ग्राम पंचायत सुमही बुजुर्ग निवासी एक व्यक्ति ने कुछ मनबढ़ों पर पिटाई की और 50 हजार रुपये छीन ले जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। गांव के कुसमाकर सिंह के मुताबिक वह पोल्ट्री फॉर्म संचालित करते हैं। वसूली करके अपने सहयोगी के साथ सोमवार की रात लौट रहे थे। रात में तकरीबन नौ बजे चौराखास गांव के निकट कुछ बदमाशों घेरकर पिटाई की और 50 हजार रुपये छीन लिए। बदमाश छह की संख्या में थे। एसओ अखिलेश सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच कराई जा रही है। संवाद
झोलाछाप सहित तीन के खिलाफ केस
खड्डा। घर में घुसकर किशोरी से दुष्कर्म के प्रयास के मामले में पुलिस ने झोलाछाप सहित तीन व्यक्तियों पर मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है। हनुमानगंज थानाक्षेत्र के एक गांव की महिला ने पुलिस को तहरीर देकर बताया है कि रविवार की देर रात एक व्यक्ति घर में घुसकर बेटी के साथ दुष्कर्म का प्रयास करने लगा। इसका विरोध करने पर गांव के दो लोग आरोपी के बचाव में आकर मारपीट पर आमादा हो गए और धमकी दी। तहरीर के आधार पर बुधवार को पुलिस ने दीनानाथ पाल, केश्वर और अर्जुन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। संवाद