आर्केस्ट्रा देखने गए युवक की संदिग्धावस्था में मौत
- मोगलपुरा गांव में आई थी बारात
- पटहेरवा थाना क्षेत्र के सिंदुरिया बुजुर्ग गांव का निवासी था युवक
संवाद न्यूज एजेंसी
उजारनाथ। मंगलवार रात पटहेरवा थाना क्षेत्र के मोगलपुरा गांव में आर्केस्ट्रा देखने गए एक युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। लोगों को सुबह इस घटना की जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पटहेरवा क्षेत्र के ही सिंदुरिया बुजुर्ग गांव निवासी धुरूप कुशवाहा (30) मंगलवार रात पड़ोस के गांव मोगलपुरा में आई बारात में आर्केस्ट्रा देखने गया था। उसके साथ गांव के कुछ अन्य युवक भी थे। सभी देर रात तक आर्केस्ट्रा देखते रहे। धुरूप वहीं सो गया, जबकि उसके दोस्त रात में ही घर वापस लौट आए। बुधवार सुबह जब परिजन धुरूप की खोजबीन करने लगे तो पता चला कि वह रात को बारात में ही सो गया था। उधर, टेंट व्यवसायी अपनी कुर्सियां और अन्य सामान लेने पहुंचे तो धुरूप को वहां मृत पाया। उसके शोर मचाने पर लोग पहुंचे। घटना की सूचना युवक के घरवालों और पुलिस को दी गई। पुलिस और परिजन पहुंचे। लोगों से पूछताछ करने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पटहेरवा थाने के एसओ अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि युवक की मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पता चलेगा। उसके शरीर पर चोट के कहीं निशान नहीं हैं।