आंधी से गिरे तार को ठीक करते विद्युतकर्मी।
- फोटो : KUSHINAGAR
आंधी-बारिश में गिरे तार-पोल और पेड़, बिजली गुल
पडरौना। रविवार की भोर में करीब तीन बजे आंधी-बारिश में कई जगह तार-पोल और पेड़ गिर गए। इसकी वजह से भोर से सुबह दस बजे तक बिजली आपूर्ति ठप रही। लोगों को पेयजल की समस्या से भी जूझना पड़ा। कुछ जगहों पर आवागमन बाधित हुआ। बिजली निगम के कर्मचारियों ने काफी मशक्कत के बाद तार-पोल ठीक कर आपूर्ति शुरू की।
रविवार को पडरौना में मुख्य पश्चिमी गंडक नहर के पास तार टूट जाने से बिजली आपूर्ति बाधित रही। इसी तरह महिला थाना के समीप भी तार-पोल टूट गए थे, जिन्हें ठीक करने के बाद आपूर्ति बहाल की गई। इस दिन परसौनी कला, खड्डा बुजुर्ग और देवरिया पांडेय में पेड़ के गिरने से आपूर्ति बंद रही। पडरौना नगर के रेलवे स्टेशन के पीछे तार पर पेड़ की डाली गिरने से विद्युत आपूर्ति प्रभावित रही। इसी तरह राजकीय कन्या इंटर कॉलेज के पास भी तार टूटने से फाल्ट की समस्या बनी रही। देर शाम तक निगम के कर्मचारियों ने ठीक कराकर विद्युत आपूर्ति बहाल कराई।
टेकुआटार प्रतिनिधि के अनुसार, रामकोला उपकेंद्र से जुड़े टेकुआटार फीडर में शनिवार की रात से ही विद्युत आपूर्ति बाधित रही। पूरे दिन कर्मचारियों ने फाल्ट ठीक करने में गुजारा। देर शाम तक विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। इस फीडर के टेकुआटार, अमवा, भरटोलिया, सिधावे आदि स्थानों पर पेड़ की डालियां टूटकर गिर जाने से आपूर्ति ठप हो गई थी।
इस संबंध में पडरौना विद्युत वितरण खंड के एक्सईएन प्रदीप चौबे ने बताया कि आंधी-बारिश की वजह से 33 हजार और गयारह हजार केवी की लाइन पर पेड़ टूटकर गिर जाने से बिजली आपूर्ति बाधित रही। कई जगह तार-पोल ठीक कराकर आपूर्ति शुरू करा दी गई।