पडरौना। शहर में सार्वजनिक स्थानों पर पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर पालिका प्रशासन चार जगहों पर वाटर एटीएम लगाने की योजना बना रहा है। लगभग आठ लाख रुपये की लागत से इन वाटर एटीएम का निर्माण कराया जाना है। इसके लिए पालिका प्रशासन जगह की तलाश कर रही है। सब कुछ ठीक रहा तो मई महीने में इसकी शुरूआत भी हो जाएगी।
‘अमर उजाला’ में 29 मार्च को ‘इस शहर में खोजना पड़ता है पानी’ शीर्षक से छपी खबर को संज्ञान लेते हुए नगरपालिका अध्यक्ष ने बृहस्पतिवार को शहर के कई सार्वजनिक स्थलों को दौराकर स्थल चयन का जायजा लिया और जल्द ही वाटर एटीएम सहित अन्य पेयजल की व्यवस्था कराने के लिए भी कहा, जिससे लोगों को गर्मी में पानी के लिए तड़पना न पड़े। सार्वजनिक स्थलों पर पेयजल की सुविधा बेहतर नहीं है। करीब 50 हजार की आबादी वाले इस शहर में बिहार प्रांत के भी लोग आते हैं। शहर के सार्वजनिक स्थानों पर पेयजल की समुचित व्यवस्था न होने से लोगों को परेशान होना पड़ता है। कुछ जगहों पर एक सामाजिक संस्था की ओर से टोंटियां भी लगवाईं गई हैं, लेकिन रख-रखाव न होने के कारण टोंटियां खराब पड़ी है।
पेयजल की समस्या को देखते हुए नगर पालिका चेयरमैन विनय जायसवाल ने बोर्ड की बैठक में वाटर एटीएम लगवाने का प्रस्ताव रखा थ। जिस पर वार्ड सदस्यों ने भी अपनी सहमति दे दी है।
नगर पालिका अध्यक्ष विनय जायसवाल ने बताया कि आठ लाख रुपये की लागत से वाटर एटीएम लगाने की योजना है। इसके लिए जगह की तलाश की जा रही है। जल्दी ही कार्य प्रारंभ कराने की योजना है।