नाव से नदी पार कर मतदान करने पहुंचे मतदाता
प्रदेश में अच्छी सरकार चुनने के लिए मुश्किल राहों को भी बना दिया आसान
दुदही (कुशीनगर)। इस बार के विधानसभा चुनाव में भी दुर्गम राहें और मुश्किलें मतदाताओं को रोक नहीं सकीं। तमकुहीराज विधानसभा क्षेत्र के एक गांव के मतदाता नाव से बांसी नदी पार कर बूथ पर पहुंचे और मतदान किया।
तमकुहीराज विधानसभा क्षेत्र का गौरी शुक्ल गांव बांसी नदी के चलते दो भागों में बंटा है। 400 मतदाता उचका और 500 से अधिक खलवा टोला में रहते हैं। खलवा टोला में बूथ बनाया गया है। वहां उचका टोला के 400 मतदाता प्रत्येक मतदान दिवस को महापर्व मानकर मतदान करते हैं।
यहां के विजय, शंभू, अजय, उर्मिला, मदन, राधेश्याम आदि का कहना है कि कि पंचायत, विधानसभा और लोकसभा चुनाव में बांसी नदी पार कर बूथ पर आकर मतदान करते हैं। इन लोगों का कहना है कि मतदान कराने के लिए सुविधा की मांग कर चुके हैं, लेकिन कोई ध्यान नहीं देता। आवागमन सहित अन्य सुविधाओं का अभाव है। हर चुनाव में इस उम्मीद से मतदान करते हैं कि उनकी परेशानी खत्म होगी, लेकिन समस्या पर कोई ध्यान नहीं देता।