शान से लहराया तिरंगा, चहुंओर गूंजा जन गण मन
स्वतंत्रता दिवस पर कलेक्ट्रेट, पुलिस लाइन सहित हर जगह हुआ झंडारोहण
एसपी ने मुसहर बस्ती के बच्चों के साथ मनाया स्वतंत्रता दिवस
सांसद ने हाटा नगर में निकाली प्रभातफेरी, नपा कार्यालय में झंडारोहण
संवाद न्यूज एजेंसी
कुशीनगर। स्वतंत्रता दिवस पर कलेक्ट्रेट में सभी सरकारी संस्थानों पर झंडारोहण किया गया। इसके बाद चहुंओर राष्ट्रगान जन-गण-मन का गान हुआ। कलेक्ट्रेट में डीएम ने झंडारोहण के बाद परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिए। एसपी ने पुलिस लाइन में झंडारोहण के बाद बेहतर कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया। इसके बाद वह कसया क्षेत्र के मैनपुर दीनापट्टी की मुसहर बस्ती में गए, जहां बच्चों के साथ स्वाधीनता दिवस मनाया। अन्य कार्यालयों पर भी परंपरागत तरीके से स्वतंत्रता दिवस मनाया गया।
डीएम एस. राजलिंगम की तरफ से कलेक्ट्रेट पर झंडारोहण करने के बाद सामूहिक राष्ट्रगान हुआ। इसके बाद संविधान की एकता व अखंडता का संकल्प दिलाया गया। डीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से आजादी का यह महाउत्सव बहुत ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। आज ही के दिन हमारे देश को स्वतंत्रता मिली थी। उन्होंने कहा कि यह राष्ट्रीय पर्व हमें अमर शहीदों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के संघर्ष एवं बलिदान की याद दिलाता है। इस दौरान एडीएम विंध्यवासिनी राय, एसडीएम न्यायिक हाटा राकेश कुमार, वरिष्ठ कोषाधिकारी रईस अहमद, जिला प्रोवेशन अधिकारी कल्पना जायसवाल, अभिहीत अधिकारी मानिक चंद्र सिंह, डीएसओ दिलीप कुमार सहित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे। विकास भवन पर सीडीओ अनुज मलिक ने ध्वजारोहण किया।
एसपी सचिंद्र पटेल ने पुलिस लाइन में ध्वजारोहण किया। इसके बाद उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया। इनमें हाटा के कोतवाल जयप्रकाश पाठक को उत्कृष्ट सेवा पदक, पुलिस लाइन के स्टोर प्रभारी देवकी प्रसाद सहित कई अन्य पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया। इस दौरान सीओ संदीप वर्मा सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद थे। इसके बाद एसपी ने मैनपुर दीनापट्टी की मुसहर बस्ती में झंडारोहण करने के बाद बच्चों में मिठाइयां वितरित कीं। इसी दौरान सीओ पीयूषकांत राय, एसओ अखिलेश सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद थे।
पतंजलि परिवार ने भी मनाया स्वतंत्रता दिवस
पडरौना। पतंजलि परिवार की तरफ से स्वतंत्रता दिवस समारोहपूर्वक मनाया गया। पडरौना में आवास विकास कॉलोनी स्थित स्वतंत्रता पार्क में आयोजित कार्यक्रम में उषा सिंह ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान सुभाष सिंह, प्रकाश कुमार, दिवाकर शरण वर्मा, एम. सिधवलिया, शंभू सिंह, शैलेंद्र राय सहित अन्य लोग मौजूद थे। इसी तरह सीएमओ कार्यालय, जिला अस्पताल, एआरटीओ कार्यालय, वाणिज्य कर, पडरौना के जलकल कार्यालय सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर ध्वजारोहण किया गया। इसके बाद मौजूद लोगों में मिठाइयां बांटी गईं।
खड्डा क्षेत्र में हुआ झंडारोहण
खड्डा। तहसील मुख्यालय सहित क्षेत्र में स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में झंडारोहण किया गया। भारत माता के जयघोष से वातावरण गूंज उठा। खड्डा विधायक जटाशंकर त्रिपाठी ने नौरंगिया के गांधी चौक, पकड़ी बृजलाला तिराहा सहित अन्य स्थानों पर झंडारोहण किया। खड्डा तहसील परिसर में एसडीएम अरविंद कुमार ने झंडारोहण किया। इस दौरान तहसीलदार कृष्ण गोपाल त्रिपाठी, नायब तहसीलदार रवि यादव सहित अन्य लोग मौजूद थे। ब्लॉक परिसर में प्रमुख शशांक दुबे ने झंडारोहण किया। खड्डा थाना परिसर में सीओ शिवाजी सिंह ने झंडारोहण किया। हनुमानगंज थाना में एसओ पंकज गुप्ता ने झंडारोहण किया। इसी तरह नगर पंचायत खड्डा और छितौनी, आईपीएल चीनी मिल खड्डा, बाढ़खंड, गांधी इंटर कॉलेज, डाकघर, बैंक, रेलवे स्टेशन सहित सभी स्थानों पर परंपरागत तरीके से झंडारोहण किया गया।
उल्लास के साथ मनाया स्वाधीनता दिवस
पडरौना। रविवार को स्वाधीनता दिवस ग्रामीण क्षेत्रों में परंपरागत ढंग से मनाया गया। झंडारोहण कर वहां राष्ट्रगान गाया गया तथा शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। तमकुहीरोड, कप्तानगंज, डिबनी बंजरवा, अहिरौली बाजार, गुरवलिया बाजार, उजारनाथ, रामकोला, जौरा बाजार, कठकुइयां, मथौली बाजार, समउर बाजार, जटहां बाजार, रहसू बाजार, बनकटा बाजार, पटहेरवा, साखोपार सहित जनपद के अन्य हिस्सों में स्वतंत्रता दिवस परंपरागत ढंग से मनाया गया। वहां के सरकारी एवं गैरसरकारी संस्थानों पर मौजूद लोगों ने झंडारोहण कर देश के अमर सपूतों के बलिदान को याद किया।