छिनैती और लूट की घटनाओं से व्यापारियों में दहशत, पुलिस को सौंपा ज्ञापन
तमकुहीरोड। सेवरही क्षेत्र में आए दिन हो रही चोरी, छिनैती और लूट की घटनाओं से व्यापारियों में भय का माहौल है। आसपास के बाजारों के दुकानदार सबसे अधिक चिंतित हैं। शुक्रवार को क्षेत्र के व्यापारियों ने तरयासुजान एसओ को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
सेवरही स्वर्णकार संघ के अध्यक्ष अनूप कुमार सोनी, भाजपा सोशल मीडिया के जिला सह संयोजक गणेश सोनी, राहुलदेेेव वर्मा, राज वर्मा, नीरज सोनी, प्रहलाद वर्मा, राहुल सोनी, परशुराम वर्मा, प्रमोद वर्मा, हंसराज वर्मा, अमित कुमार बंटी, नीतीश वर्मा, आदित्य वर्मा, हिमांशु वर्मा, विजय वर्मा, नीतीश वर्मा आदि की तरफ से दिए ज्ञापन में कहा कि सेवरही क्षेत्र के 25-30 व्यवसायी क्षेत्र के दाहूगंज, घघवा जगदीश, गौराहा, सलेमगढ़, बभनौली, दोमाठ, समउर, दुदही, तीनफेडिया, तमकुहीराज, फाजिलनगर, तिवारीपट्टी, सिसवा नाहर, बेदूपार, दनियाड़ी, परसौनी, डिबनी बंजरवा, लतवा चट्टी समेत अन्य ग्रामीण बाजारों में आभूषण की दुकान चलाते हैं। ये व्यापारी सुबह दुकान पर जाते हैं और देर शाम घर लौटते हैं। बृहस्पतिवार की शाम सलेमगढ़ बाजार में अपनी दुकान से लौट रहे सेवरही के स्वर्णनगर निवासी राजेश वर्मा को तीन बदमाशों ने लतवाचट्टी के पास ओवरटेक कर रोक लिया और चाकू दिखाकर उनसे 80 हजार रुपये के साथ 200 ग्राम चांदी व उनकी बाइक लूट ली। सूचना मिलते ही पुलिस कार्रवाई में जुट गई है।
इसके पहले भी 2018 से अब तक आभूषण कारोबारियों से लूट व छिनैती की छह और घटनाएं हो चुकी हैं। इससे क्षेत्र के आभूषण व्यवसायियों में दहशत का माहौल है। पुलिस से घटना के शीघ्र पर्दाफाश करने की मांग की है। एसओ कपिलदेव चौधरी ने कहा कि थाना क्षेत्र में आपराधिक घटनाओं पर नियंत्रण के लिए संबंधित बीट के पुलिस कर्मियों को आगाह किया गया है। बृहस्पतिवार की शाम हुई घटना के मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर विधिक कार्रवाई में जुटी है। शीघ्र ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।