ट्रक की टक्कर से टैक्सी चालक सहित तीन की मौत, पांच घायल
सवारी लेकर तमकुहीराज से गोपालगंज जा रही थी टैक्सी
ट्रक का अगला पहिया फटनेे से हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
तमकुहीराज/डिबनी बंजरवा (कुशीनगर)। तरयासुजान थाना क्षेत्र के लतवाचट्टी स्थित फोरलेन पर बृहस्पतिवार ट्रक की टक्कर से तमकुहीराज से गोपालगंज के लिए सवारी लेकर जा रही टैक्सी पलट गई। इससे टैक्सी का चालक सहित तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार सुबह तमकुहीराज से गोपालगंज के लिए सवारी लेकर टैक्सी जा रही थी। लतवाचट्टी के सामने फोरलेन पर अचानक पीछे से आ रहे ट्रक का अगला पहिया फट गया। इससे ट्रक अनियंत्रित होकर टैक्सी में टक्कर मारने के बाद पलट गया। वहीं टैक्सी भी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इससे उसमें सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जीप चालक मुन्ना खरवार ने जिला अस्पताल जाते समय दम तोड़ दिया। हादसे में पांच अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी तमकुहीराज से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद चीख पुकार मच गई। मौके पर जुटे लोगों ने टैक्सी में फंसे सवारियों को किसी तरह बाहर निकाला। मरने वालों में एक महिला भी शामिल है। वहीं हादसे से गुस्साए आसपास के लोगों ने सड़क जाम कर दिया। आधा घंटा तक सड़क जाम रहने के बाद पुलिस ने किसी तरह लोगों को समझा-बुझाकर फोरलेन पर आवागमन बहाल कराया।
घटना के वक्त पैदल जा रहे दो स्थानीय लोग भी चोटिल हो गए। पुलिस ने मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तरयासुजान थाने के एसओ कपिलदेव चौधरी ने बताया कि दुर्घटना में अर्चना मिश्रा (35) पत्नी जितेंद्र मिश्र निवासी बहादुरपुर उसरी तरवारा बिहार, रज्जाक (65) पुत्र सौदागर निवासी घोघमलवा गौरी श्रीराम थाना विशुनपुरा एवं चालक मुन्ना खरवार (35) पुत्र जगदीश निवासी कौवापट्टी थाना तरयासुजान की मौत हो गई। गाड़ी में सवार हसमुद्दीन (55) निवासी हरिहरपुर थाना तरयासुजान, विकास मद्धेशिया (30) निवासी बांसगांव थाना विशुनपुरा, रविशंकर श्रीवास्तव (45) निवासी सिरसिया छपरा बिहार गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं इस दुर्घटना में स्थानीय लतवाचट्टी निवासी जाजुल अली एवं आरिफ अली भी चोटिल बताए जा रहे हैं। पुलिस आवश्यक कार्रवाई करने में जुटी हुई है।