पटहेरवा। कुश्ाीनगर के पटहेरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत फोरलेन पर चकदहवा ड्रेन के पास सोमवार की देर रात घने कोहरे की वजह से ट्रक और बस समेत तीन गाड़ियां एक दूसरे से भिड़ गईं। गाड़ियों की स्पीड कम होने की वजह से इस हादसे में केवल बस का खलासी ही घायल हुआ, जबकि तीन बस यात्रियों को हल्की चोटें आईं। परंतु हादसे की वजह से एक लेन पर करीब एक घंटे तक आवागमन ठप रहा। रात में ही पहुंची पटहेरवा पुलिस और एनएचएआई की टीम ने बस को सड़क से किनारे कराकर आवागमन शुरू कराया।
सोमवार की रात करीब 11 बजे एक फाजिलनगर से तमकुहीराज की तरफ जा रहे कंटेनर को ओवरटेक करने के प्रयास में पीछे से आ रहा ट्रक टकरा गया। पटहेरिया चौराहे से कुछ दूर आगे हुए इस हादसे में अनियंत्रित ट्रक डिवाइडर पर चढ़ गया। इसी दौरान गोरखपुर से गोपालगंज जा रही प्राइवेट बस भी ट्रक से टकरा गई। इस हादसे के बाद कंटेनर का चालक गाड़ी लेकर आगे बढ़ गया। परंतु ट्रक व बस की टक्कर के कारण यह लेन जाम हो गया।
गोपालगंज जा रही प्राइवेट बस में पांच-छह यात्री ही सवार थे। हादसे में बस का खलासी 25 वर्षीय गोलू उर्फ छोटे निवासी गांव टेकुआटार थाना रामकोला का सिर फट गया। इसके अलावा बस में सवार यात्री शिवशंकर शाह व संटू निवासी कुचायकोट जिला गोपालगंज, राजेश निवासी गांव लतवा थाना तरयासुजान आदि को हल्की चोट आई। टक्कर की आवाज सुनकर पटहेरिया चौराहे के दुकानदार व आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने तत्काल पटहेरवा पुलिस व एनएचएआई के कर्मचारियों को सूचना दी।
इस संबंध में एसओ पटहेरवा निर्भय कुमार सिंह का कहना था कि ट्रक व बस को कब्जे में ले लिया गया है। कोई तहरीर नहीं मिली है। घायल लोग रात में ही प्राथमिक उपचार के बाद अपने घर चले गए।