टोल टैक्स बढ़ने से किराया बढ़ने के आसार, जेब पर पड़ेगा बोझ
जनपद के अंदर एनएच-28 पर लोगों को दो जगह देना पड़ता है टोल टैक्स
तमकुहीराज(कुशीनगर)। देश के सभी टोल प्लाजा पर एक अप्रैल से दस प्रतिशत टोल शुल्क बढ़ जाएगा। टोल शुल्क के बढ़ने से यात्री किराया एवं माल भाड़ा में वृद्धि हो सकती है। इसका सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ेगा।
बृहस्पतिवार रात 12 बजे से क्षेत्र के सलेमगढ़ सहित सभी टोल प्लाजा पर टोल टैक्स में दस प्रतिशत की वृद्धि हो रही है। सलेमगढ़ टोल प्लाजा के प्रबंधक ऋषिकेश सिंह ने बताया कि सलेमगढ़ टोल प्लाजा पर कार, जीप, वैन एवं हल्के वाहनों का जहां 55 रुपये शुल्क देना पड़ता था। अब 60 रुपये देना पड़ेगा। इसी तरह हल्के कामर्शियल वाहन, हल्के भार वाहन, मिनी बस का शुल्क 80 से 95 रुपये, टू एक्सेल बस एवं ट्रक का शुल्क 180 से 195 रुपये, थ्री एक्सेल कामर्शियल वाहनों का 190 रुपये के स्थान पर 215 रुपये एवं भारी वाहनों का शुल्क 280 से 310 रुपये किया गया है।
ट्रांसपोर्ट एवं बस यूनियन सरकार से भाड़ा बढ़ाने की करेगा मांग
देश में लगातर बढ़ रहे डीजल-पेट्रोल के मूल्य एवं एक अप्रैल से बढ़ रहे टोल टैक्स के बावजूद तत्काल माल ढुलाई एवं यात्री भाड़ा में कोई बढ़ोत्तरी नहीं हो रही है। तमकुहीराज कस्बे के बस एवं ट्रक संचालक सुरेंद्र राय का कहना है कि यात्री भाड़ा एवं माल ढुलाई की दर सरकार तय करती है। अपने मन से कोई बढ़ोत्तरी नहीं करते हैं। चाहे डीजल-पेट्रोल की कीमतों में बढ़ोत्तरी हो या टोल टैक्स में। हां, यह जरूर है कि देश के ट्रांसपोर्ट यूनियन एवं बस यूनियन सरकार से भाड़ा बढ़ाने की मांग करेंगे।
एक ही जिले में दो जगह देना पड़ता है टोल
एनएच-28 पर जनपद की सीमा गोरखपुर से आते समय रामपुर पंद्रह मील के पास और बिहार की तरफ बहादुरपुर तक है। इसके बीच में दो जगह टोल प्लाजा पड़ते हैं। हेतिमपुर मुजहना का टोला प्लाजा भले देवरिया जिले में पड़ता है, लेकिन इसके अगल-बगल का क्षेत्र कुशीनगर में है। जबकि कुशीनगर जनपद का टोल प्लाजा सलेमगढ़ में है। ऐसे में करीब 50 किलोमीटर के अंदर दो टोल प्लाजा से होकर लोगों को गुजरना पड़ता है। टोल टैक्स बढ़ने पर लोगों की जेब पर अधिक बोझ पड़ेगा।