प्रोफेसर के घर में चोरी, एक चोर पकड़ा गया
पकड़ा गया चोर पादरी बाजार गोरखपुर का निवासी
संवाद न्यूज एजेंसी
फाजिलनगर। तुर्कपट्टी थानाक्षेत्र के गांव गड़हिया में मंगलवार को डिग्री कॉलेज के एक प्रोफेसर के बंद घर में दिनदहाड़े चोरी हो गई। चोरों ने लगभग पांच लाख रुपये नकद और 10 लाख रुपये का आभूषण चुरा लिया। चोरी के दौरान ही प्रोफेसर के बेटे के आ जाने पर एक चोर पकड़ लिया गया, जबकि दूसरा सामान लेकर भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल कर पकड़े गए चोर व उसकी बाइक साथ ले गई।
इस गांव के राकेश प्रताप शाही श्री भगवान महावीर स्नातकोत्तर महाविद्यालय फाजिलनगर में प्रोफेसर हैं। पत्नी रमावती शाही, पुत्र अखंड प्रताप शाही, बहू आशा शाही भी शिक्षक हैं। सभी लोग मंगलवार को विद्यालय गए थे। दोपहर लगभग के 12 बजे बंद घर को देख चोर अपनी बाइक सड़क पर खड़ी कर पीछे के रास्ते से फाटक का ताला तोड़कर घुस गए और आलमारी व अटैची में रखे लगभग पांच लाख नकद और दस लाख के सोने व चांदी के आभूषण चुरा ले गए। चोरी के दौरान ही प्रोफेसर के बेटे अखंड घर आ गए। घर में चोरों को देखते ही शोर मचाने लगे और एक चोर को पकड़ लिया। तब तक दूसरा चोर सामान लेकर भाग गया। सूचना मिलते ही तुर्कपट्टी थाने के एसओ आनंद कुमार गुप्ता व चौकी प्रभारी अवधेश सिंह पहुंच गए। पकड़े गए चोर से पूछताछ कर जांच पड़ताल की। पकड़े गए चोर ने बताया कि उसका नाम अभिषेक निवासी पादरी बाजार थाना शाहपुर जिला गोरखपुर और दूसरे चोर का नाम राहुल निवासी पादरी बाजार गोरखपुर है। शिक्षक दंपति के अनुसार पांच लाख रुपये नकद और लगभग 10 लाख रुपये से अधिक मूल्य का आभूषण चोरी हुआ है। एसओ ने बताया कि दूसरे चोर की तलाश की जा रही है।