प्राचार्य के आश्वासन पर धरना खत्म
पांच दिनों से चुनाव के लिए धरना चल रहा था
संवाद न्यूज एजेंसी
फाजिलनगर। एसबीएम पीजी कॉलेज फाजिलनगर परिसर में छात्रसंघ चुनाव समेत नौ सूत्री मांग को लेकर बीते पांच दिनों से चल रहा धरना सोमवार को समाप्त हो गया। छात्रनेताओं ने प्राचार्य के आश्वासन पर धरना समाप्त किया।
मांगों के प्रति कॉलेज प्रशासन की उदासीनता देख छात्रनेता सोमवार को प्रशासनिक भवन पर ताला लगाकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। सूचना पर पहुंचे एसओ जयप्रकाश पाठक, चौकी प्रभारी अवधेश सिंह ने प्रदर्शन कर रहे छात्र नेताओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन छात्रनेता चुनाव कराने समेत अन्य मांगों को पूरा कराने की मांग पर अड़े रहे। इसके बाद में एसओ ने प्रभारी प्राचार्य डॉ. आरपी शाही से छात्रों की मांगों के संबंध में वार्ता की तो प्राचार्य ने एसओ को आश्वासन दिया कि छात्रसंघ चुनाव को छोड़कर अन्य आठ मांगों को 15 दिनों में समाधान कर दिया जाएगा। छात्रसंघ चुनाव सभी कक्षाओं में नामांकन प्रक्रिया पूर्ण होने पर निर्णय लिया जाएगा। इसके बाद छात्रनेताओं ने पांचवें दिन धरना समाप्त कर दिया। इस दौरान बलराम जायसवाल, शत्रुघ्न यादव, रोहित शर्मा, दिनेश जायसवाल, शौर्य सिंह, शैलेंद्र प्रताप यादव, सलमान हुसैन, राजकुमार गुप्ता, धीरज चौहान, सोहराब अंसारी, टुनटुन सिंह, दीपक ठाकुर, विवेक प्रताप सिंह, अनुराग गोंड़ आदि मौजूद रहे।