रामकोला। क्षेत्र के कप्तानगंज मार्ग स्थित चंदरपुर गोबरही गांव के पास रविवार की रात बाइक सवार कांस्टेबल समेत तीन युवक ट्रैक्टर-ट्राॅली की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हादसे में कांस्टेबल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उसके मौसेरे भाई समेत दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पुलिस ने घायलों को सीएचसी भिजवाया। यहां हालत गंभीर देख डॉक्टर ने दोनों को मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज जाते समय रास्ते में सिपाही के मौसरे भाई की मौत हो गई, जबकि तीसरे युवक का गोरखपुर में इलाज चल रहा है।
रामकोला थाना क्षेत्र के रामपुर बगहा साहबगंज निवासी सन्नी उर्फ सूरज के घर उसका मौसेरा भाई राहुल कुमार गया था। राहुल जिला मुख्यालय स्थित पुलिस लाइंस में रेडियो शाखा में बतौर कांस्टेबल तैनात है। वहां भोजन करने के बाद राहुल को ड्यूटी पहुंचाने के लिए कप्तानगंज थाना क्षेत्र के कारी निवासी धर्मवीर और मौसेरा भाई सन्नी ऊर्फ सूरज एक ही बाइक से रात करीब 10 बजे जिला मुख्यालय जा रहे थे।
तीनों चंदरपुर गोबरही गांव के पास पहुंचे थे कि एक टैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोग जब तक उनकी मदद के लिए पहुंचते, तब तक घायल कांस्टेबल राहुल कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। राहुल देवरिया जिले के गौरी बाजार थाना के सिरजम गांव का निवासी था। सूचना पर आई पुलिस घायल सन्नी और धर्मवीर को रामकोला सीएचसी भेजवाई, जहां उनकी हालत गंभीर देख डॉक्टर ने दोनों घायलों को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। रास्ते में ही सन्नी की मौत हो गई, जबकि घायल धर्मवीर का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। रामकोला पुलिस दोनों मौसेरे भाई के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।