पडरौना। कसया पुलिस ने सात पशु तस्करों पर गैंगस्टर की कार्रवाई सोमवार को की है। इसमें कुशीनगर के अलावा गोपालगंज और अयोध्या के रहने वाले पशु तस्कर शामिल हैं। तुर्कपट्टा थाना क्षेत्र के छंहू गांव निवासी रूधवलिया के ग्राम प्रधान चंद्रभूषण यादव के दोनों बेटे भी इसमें शामिल हैं। पिता और पुत्रों के खिलाफ तुर्कपट्टी समेत कई थानों में गंभीर धाराओं में केस दर्ज है।
एसपी संतोष कुमार मिश्रा के नेतृत्व में अभियान चलाकर पशु तस्करों पर शिकंजा कसा जा रहा है। कसया पुलिस ने पशु गैंग से जुड़े तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के छहूं गांव निवासी चंद्रभूषण यादव का बेटा सत्येंद्र यादव, संतोष यादव, इसी थाना क्षेत्र के पटलोहिया गांव निवासी चंदन यादव, गोपालगंज जिले के गोपालपुर गांव निवासी पंकज कुमार शुक्ला, इसी जिले के फुलवरिया थाना क्षेत्र के गणेश डुम्मर तकिया निवासी हामिद अली, चौराखास थाना क्षेत्र के बदुराव गांव निवासी अंशु यादव, अयोध्या के रौनाही थाना क्षेत्र के कतरौली निवासी महेश कुमार पूर्वांचल से बंगाल तक बिहार के रास्ते होने वाले पशु तस्करों के गैंग के सरगना हैं।
आरोपियों ने अपने-अपने परिवार एवं सगे संबंधियों के लिए आर्थिक लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से गोवंशीय पशुओं की तस्करी करते हैं। उत्तर प्रदेश से बिहार व बंगाल ले जाकर काटकर अवैध धन अर्जित करते हैं। गैंग लीडर सत्येन्द्र यादव अपने गैंग के सदस्यों के साथ दबोचा गया था। इस मामले में कसया थाने पर केस दर्ज था। पुलिस के अनुसार पशु तस्करी के गैंग लीडर सगे भाईयों के पिता चंद्रभूषण यादव का तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के रूधवलिया गांव में नवासा है। इस गांव का प्रधान है। इसके उपर भी हत्या, हत्या के प्रयास, पशु तस्करी समेत कई गंभीर केस दर्ज है। बड़े पैमाने पर दोनों भाई पशु तस्करी का नेटवर्क संचालित करते हैं।