तमकुहीराज। सेवरही विकास खंड के पथरवां गांव के लोगों ने राशन वितरण में मनमानी का आरोप लगाते हुए वृहस्पतिवार को तमकुहीराज के पूर्ति निरीक्षक कार्यालय पर हंगामा किया। नाराज गांव के लोगों ने धरना शुरू कर दिया।
कुछ देर बाद जांच और कार्रवाई का आश्वासन मिलने पर लोग माने और एसडीएम को ज्ञापन देकर आंदोलन खत्म किया। पथरवां गांव के लोग नंदकिशोर सिंह और सुभाष गुप्ता के नेतृत्व में तहसील मुख्यालय पहुंचे और एसडीएम व पूर्ति निरीक्षक कार्यालय के सामने विरोध प्रदर्शन करने लगे। उग्र विरोध प्रदर्शन को देखते हुए तहसील प्रशासन को पुलिस बुलानी पड़ी।
लोगों का आरोप था कि कोटेदार की ओर से फरवरी माह का राशन वितरण नहीं किया गया। इसकी शिकायत पर एसडीएम ने अप्रैल माह में सूची के अनुसार राशन वितरित करने का आदेश दिया था।
उसके बाद भी कोटेदार की ओर से सूची के अनुसार वितरण नहीं किया जा रहा है। राशन मांगने पर कोटेदार मारपीट पर उतारू हो जा रहा है। मौके पर पहुंचे पूर्ति निरीक्षक विजय कुमार राय ने गांव वालों को यह समझाने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी। नारेबाजी करते हुए लोग पूर्ति निरीक्षक कार्यालय के पास धरने पर बैठ गए।
कुछ देर बाद एसडीएम की तरफ से मामले की जांच कराने का आश्वासन मिलने पर लोग मान गए और एसडीएम को ज्ञापन देकर आंदोलन खत्म हो गया। इस दौरान सत्तन मिश्रा, जितेन्द्र प्रसाद, बृजमोहन पाठक, घनश्याम पाठक, मीरा देवी, जय हरि, ओमप्रकाश, प्रभावती, देवंती, सोनिया, नमिता पाठक, जयनारायन मिश्रा आदि लोग मौजूद रहे।