पडरौना। भाजपा को डिजिटल रूप से मजबूत बनाने के लिए बड़े स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। पार्टी ने डिजिटल लर्निंग प्रोग्राम अभियान को हर बूथ तक पहुंचाने के लिए देशभर में एक करोड़ डिजिटल प्रशिक्षित कार्यकर्ता तैयार करने की योजना बनाई है। इसके लिए जिले के प्रत्येक बूथ से कम से कम 20 कार्यकर्ताओं को डिजिटली प्रशिक्षित करने की योजना है। ये बातें भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय ने कहीं। वे शुक्रवार को रविंद्रनगर स्थित पार्टी कार्यालय में प्रशिक्षण अभियान के मानिटरिंग टीम के साथ आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि डिजिटल रूप से सक्षम कार्यकर्ता जनता तक पार्टी की नीतियों, सरकार की योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी अधिक प्रभावी तरीके से पहुंचा सकेंगे। जिला मंत्री विश्वरंजन कुमार आनन्द ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए मण्डल अध्यक्ष, मण्डल प्रभारी, शक्ति केंद्र संयोजक, शक्ति केंद्र प्रभारी,बूथ अध्यक्ष, बूथ प्रभारी, आईटी विभाग के संयोजक, विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी, डिजिटल प्रशिक्षण कार्यक्रम से जुड़े कार्यकर्ता सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं। बैठक का संचालन आईटी विभाग के जिला संयोजक नमो नारायण मौर्य ने किया। इस दौरान गौरव तिवारी, निशांत शुक्ल, सत्यम शुक्ल, अनुराग सिंह, राधेश्याम गुप्ता, दीपक सिंह, वरुण राय आदि मौजूद रहे। संवाद