बिहार बार्डर से सटे तमकुहीराज विधानसभा क्षेत्र में पूरे दिन बूथों पर चहल-पहल बनी रही। पुरानी तमकुही बूथ पर सुबह डेढ़ घंटे देर से मतदान शुरू हुआ। इसी बूथ पर शाम को एक दुल्हा वोट डालने पहुंचा था। मेंहदिया बूथ पर दो उम्मीदवारों के समर्थकों के बीच हल्की-फुल्की कहासुनी हुई।
शनिवार की सुबह सात बजे पुरानी तमकुही के बूथ संख्या 139 पर वोटरों की लंबी कतार लगी थी, लेकिन ईवीएम खराब होने की वजह से मतदान शुरू नहीं हो पा रहा था। पडरौना से दूसरी मशीन आई, तब जाकर करीब डेढ़ घंटे बाद मतदान शुरू हुआ। घघवा जगदीश बूथ पर भी ईवीएम खराब होने के चलते पौने दो घंटे की देरी से मतदान शुरू हुआ। कोईंदी गोंसाई पट्टी में ईवीएम का एक बटन काम नहीं कर रहा था, जिसके कारण 15 मिनट तक मतदान रुका रहा। दोपहर बाद मेंहदिया बूथ पर दो प्रत्याशियों के समर्थक उलझ गए। लोगों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ।
सेवरही कस्बे के एक बूथ पर सुरक्षाकर्मी ने एक बूथ एजेंट की पिटाई कर दी। आरोप था कि एजेंट किसी दूसरे के पहचान पत्र पर अपना फोटो लगा कर पहुंच गया था। शाम को मतदान खत्म होने से पहले पुरानी तमकुही के बूथ पर कस्बा निवासी गोविन्द कन्नौजिया पुत्र अशोक बैठा वोट देने पहुंचा तो लोग चौंक उठे। दरअसल गोविंद की शादी थी और बारात जानी थी, जबकि मतदान का वक्त भी खत्म हो रहा था, लिहाजा वह दूल्हा बनकर ही बूथ पर पहुंचा था। दूल्हे ने मतदान किया, इसके बाद बारात गई।