घरवाले कराने गए थे इलाज, चोरों ने घर खंगाला
कप्तानगंज कस्बे में स्थित बंद मकान में चोरी
कप्तानगंज (कुशीनगर)। थाने से 100 मीटर दूरी पर स्थित एक मकान के मुख्य गेट का ताला तोड़कर चोरों ने बुधवार रात आभूषण, नकदी और सामान चुरा लिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने जायजा लिया।
रामकोला थानाक्षेत्र के बिहुली निस्फी निवासी अशफाक अंसारी का मकान थाने से 100 मीटर की दूर पर है। अशफाक विदेश में रहते हैं। पत्नी और बच्चे मकान में रहते हैं, लेकिन एक माह से दिल्ली में इलाज करने गए हैं। बुधवार रात चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर नकदी और सामान चुरा लिया। पड़ोसियों ने ताला टूटने की सूचना परिवार के लोगों और पुलिस को दी। चौकी प्रभारी विजय शंकर यादव मौके पर पहुंचकर जांच की।
गृहस्वामी की पत्नी रुक्साना खातून ने बताया कि उनके घर से 40 हजार रुपये की विदेशी नकदी, हार सहित कई आभूषण चोरी हुए हैं। उन्होंने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। दो दिन पूर्व इसी मकान के बगल में पूर्व विधायक दीपलाल भारती के मकान में चोरी हुई थी। सीओ पीयूष कांत राय ने बताया एक बंद मकान से चोरी की जानकारी हुई है। आसपास लगे सीसी कैमरे चेक किए जा रहे हैं। मुकदमा दर्ज कर घटना का शीघ्र पर्दाफाश किया जाएगा।