थाईलैंड की राजदूत आज कुशीनगर आएंगी
दर्शनीय स्थलों का भ्रमण व करेंगी विशेष पूजा-अर्चना
पांच सदस्यीय शिष्टमंडल एक दिन पूर्व ही कुशीनगर पहुंचा
संवाद न्यूज एजेंसी
कसया (कुशीनगर)। दिल्ली में रॉयल थाई दूतावास की राजदूत पट्टारत हांग थोंग शुक्रवार दोपहर बाद कुशीनगर पहुंचेंगी। उनका कुशीनगर में यह पहला दो दिवसीय धार्मिक दौरा है। यहां के दर्शनीय स्थलों का भ्रमण करेंगी व विश्व शांति के लिए विशेष-पूजा अर्चना कर शनिवार को वापस दिल्ली के लिए लौट जाएंगी। उनका दौरा दिल्ली से गोरखपुर तक वायुमार्ग से व फिर गोरखपुर से सड़क के रास्ते कुशीनगर तक होगा।
थाई मंदिर के जनसंपर्क अधिकारी अंबिकेश त्रिपाठी ने बताया कि राजदूत का कुशीनगर दो दिवसीय दौरा अति विशिष्ट है। थाईलैंड के दिल्ली दूतावास में तैनात होने के बाद राजदूत पट्टारत हांग थोंग का कुशीनगर में पहला दौरा है। उनके दौरे को लेकर एक दिन पूर्व बृहस्पतिवार को ही पांच सदस्यीय शिष्टमंडल कुशीनगर पहुंच चुका है। यहां पहुंचे शिष्टमंडल के सदस्यों ने उनके दौरे को लेकर थाई मंदिर के बौद्ध भिक्षुओं व अन्य पदाधिकारियों के साथ विचार-विमर्श कर तैयारियां पूरी कर ली है। उन्होंने बताया कि शिष्टमंडल में सचिव रचनीकोर्न वांग्सीकुली, वुट्टीकार्ति श्रीथोंग, स्टॉफ सुजाता पाणिग्रही व सवीनी बुआथा शामिल हैं। उधर, उनके साथ मंत्री सलाहकार रूचनी वेरपाइरोज किट भी मौजूद होंगे। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को थाई मंदिर पहुंचेंगी। शुक्रवार को रात्रि विश्राम मंदिर में ही होगा। शनिवार की सुबह महापरिनिर्वाण मंदिर, म्यांमार मंदिर व रामाभार स्तूप पहुंचकर विश्व शांति के लिए विशेष-पूजा अर्चना की जाएगी। इसमें कोविड प्रोटोकॉल का अनुपालन करते हुए बौद्ध भिक्षु व अनुयायी आदि शामिल होंगे।