मोबाइल पर बात करने पर मां ने डांटा, फाजिलनगर में किराए के मकान पर परिवार के साथ रहती थी किशोरी
जहरीला पदार्थ खाने से मौत होने की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पुष्टि, पुलिस को परिजनों ने नहीं दिए तहरीर
फाजिलनगर। तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के अवरवा सोफीगंज निवासी एक किशोरी का शव सड़क के किनारे कस्बे के समउर मोड़ पर मिला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जहरीला पदार्थ खाने से मौत की पुष्टि हुई है। पुलिस की जांच में पता चला कि किशोरी किसी से बात करती थी, मां के मना करने पर वह घर से नाराज होकर देर रात को निकली थी। परिजन की ओर से पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है।
अवरवा सोफीगंज गांव निवासी विनोद गोंड अपने परिवार के साथ फाजिलनगर कस्बे में किराए की मकान में रहते हैं। परिजन के अनुसार 17 वर्षीय सोनाली मोबाइल पर देर रात तक किसी से बात कर रही थी, मां ने बात करने से मना किया और डांट दिया। इससे नाराज शनिवार देर करीब तीन बजे वह घर से निकल गई। रविवार को करीब 11 बजे विनोद के पत्नी को किसी ने सूचना दिए कि उसकी बेटी समउर रोड पर अचेत पड़ी है।
उसकी मां कुछ लोगों की मदद से बेटी को कस्बे के एक निजी अस्पताल में लेकर गई। डॉक्टर ने किशोरी को मृत घोषित कर दिया। इसकी सूचना किसी ने तुर्कपट्टी पुलिस को दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना को संदिग्ध मानते हुए शव को कब्जे में ले लिया। थानाध्यक्ष तुर्कपट्टी दिनेश कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जहरीला पदार्थ खाने से मौत की पुष्टि हुई है। किशोरी की मां मोबाइल पर बात करने से मना किए था। इसी से नाराज होकर वह घर से निकली थी। तहरीर मिलने पर मामले की जांच कराई जाएगी।