एआरपी के खिलाफ शिक्षकों ने खोला मोर्चा
कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी
संवाद न्यूज एजेंसी
तमकुहीराज। ब्लॉक संसाधन केंद्र सेवरही में कार्यरत एक एआरपी (एकेडमिक रिसोर्स पर्सन) के खिलाफ शिक्षकों ने नाराजगी जाहिर की है। नाराज संकुल शिक्षकों ने बीईओ को पत्र सौंपकर अपने पद से इस्तीफा देने की पेशकश की है। प्राथमिक शिक्षक संघ एवं जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ ने कार्रवाई करने की मांग की है। शिक्षक संघ ने कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
बीआरसी सेवरही में तैनात एक एआरपी के खिलाफ शिक्षकों में काफी नाराजगी है। शिक्षकों का कहना है कि स्कूलों के सपोर्टिंग सुपरविजन के दौरान शिक्षकों से अभद्र, अमर्यादित भाषा का प्रयोग करना, अपने पद का धौंस जमाना इनकी आदत बन गई है। आए दिन बिना कार्ययोजना तैयार किए संबंधित शिक्षकों को जानकारी दिए बगैर ही स्कूल पहुंचकर शिक्षकों को डांट फटकार लगाते हैं। एआरपी की कार्यशैली से क्षुब्ध होकर कई संकुल शिक्षकों ने भी बीईओ को पत्र देकर अपने संकुल पदों से त्याग पत्र देने की बात की है। वहीं, दूसरी ओर शिक्षकों ने प्राथमिक शिक्षक संघ और जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ की अगुवाई में बीईओ सेवरही को पत्रक देकर एआरपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अरविंद सिंह ने कहा कि कार्रवाई नहीं होने पर प्राथमिक शिक्षक संघ आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेगा। ज्ञापन देने वालों में धर्मेंद्र सिंह, अनिल सिंह, सुमंत मिश्र, अजय कुशवाहा, मद्धेश मिश्र, ऐजुल हक, अनिल मिश्र, नसरूल्लाह अंसारी, शिवजी सिंह, संतोष आदि शामिल थे। इस संबंध में बीईओ अमित सिंह का कहना है कि आपसी बातचीत से मामले को सुलझा दिया गया है।