किसी ने 40 पार तो किसी ने 70 की उम्र में जीता मेडल
अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी बीएन मिश्र ने हैमर थ्रो में गोल्ड, डिस्कस थ्रो में सिल्वर और गोला क्षेपण में ब्रांज मेडल जीता
चंद्रशेखर नायर स्टेडियम त्रिवेंद्रम (केरल) में पांच दिवसीय राष्ट्रीय मास्टर्स गेम में हुए थे शामिल
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
कुशीनगर। केरल के त्रिवेंद्रम स्थित चंद्रशेखर नायर स्टेडियम में आयोजित चौथी राष्ट्रीय मास्टर्स गेम्स में जिले के दो खिलाड़ियों ने भी पदक जीते हैं। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी बीएन मिश्रा (75+) और जिला व्यायाम शिक्षक (बेसिक) अनिल कुमार मिश्र (45+) ने अपनी-अपनी स्पर्धा में अपनी आयु वर्ग में मेडल जीते हैं।
बीएन मिश्रा ने हैमर थ्रो में गोल्ड, डिस्कस थ्रो में सिल्वर और गोला क्षेपण में ब्रांज मेडल जीता है। अनिल कुमार मिश्र ने लांग जंप में ब्रांज मेडल जीता है। राष्ट्रीय मास्टर्स गेम्स में हिस्सा लेकर लौटे जिला व्यायाम शिक्षक अनिल कुमार मिश्र ने बताया कि 18 से 22 मई 2022 तक चंद्रशेखर नायर स्टेडियम त्रिवेंद्रम में आयोजित चौथी राष्ट्रीय मास्टर्स गेम्स में पडरौना क्षेत्र के भरवलिया निवासी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी बीएन मिश्रा ने हैमर थ्रो में गोल्ड, डिस्कस थ्रो में सिल्वर और गोला क्षेपण में ब्रांज मेडल जीता है। उन्होंने स्वयं लांग जंप में ब्रांज मेडल जीता है। इस प्रतिस्पर्धा में प्रदेश की टीम ने एथलेटिक्स, तैराकी, बैडमिंटन, कुश्ती, वेट लिफ्टिंग, पॉवर लिफ्टिंग और शूटिंग में भाग लेते हुए 20 गोल्ड, छह सिल्वर और 15 कांस्य के साथ 41 मेडल जीते हैं।
एथलेटिक्स में दो गोल्ड, तीन सिल्वर और तीन ब्रांज, तैराकी में 12 गोल्ड, दो सिल्वर और आठ ब्रांज, वेट लिफ्टिंग में एक गोल्ड, एक सिल्वर व दो ब्रोंज मेडल जीते गए हैं। पॉवर लिफ्टिंग में दो गोल्ड, बैडमिंटन में एक गोल्ड व दो ब्रांज, कुश्ती में एक गोल्ड, शूटिंग में एक गोल्ड शामिल है।
इन खिलाड़ियों की उपलब्धि पर सदर विधायक मनीष जायसवाल, पडरौना नगरपालिका के चेयरमैन विनय जायसवाल, विशुनपुरा के ब्लॉक प्रमुख विंध्यवासिनी श्रीवास्तव, समाजसेवी दीपनारायण अग्रवाल, डॉ. विपिन बिहारी चौबे, डॉ. अरुण गौतम, डॉ. वीके सिंह, विक्रम अग्रवाल, प्रदीप चहाड़िया, शैलेंद्रदत्त शुक्ला, सुधीर शाही क्रीड़ाधिकारी रवि कुमार निषाद सहित काफी संख्या में लोगों ने खुशी जताई है।