कुशीनगर: खड़े ट्रक में बस ने मारी टक्कर, सात यात्री घायल
हाटा (कुशीनगर)। कोतवाली क्षेत्र के ढाढ़ा ओवरव्रिज के पास शनिवार की शाम सड़क के किनारे खड़े ट्रक में सवारियों से भरी एक बस ने टक्कर मार दिया। इससे बस में बैठे सात यात्री घायल हो गए। इनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
गोरखपुर से बिहार जा रही एक निजी बस शनिवार की शाम ढाढ़ा ओवरब्रिज के पास सड़क के किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। इसमें बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त होने के साथ ही सात यात्री घायल हो गए। छह यात्रियों को हल्की चोटें आईं, जबकि बिहार के छर्रापट्टी निवासी दीपक मुखिया (22) की हालत गंभीर बताई जा रही है। मौजूद लोगों ने उन्हें सीएचसी हाटा भेजवाया, जहां हालत गंभीर देख डॉक्टर ने गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जबकि अन्य चोटिल यात्रियों का इलाज सीएचसी हाटा में चल रहा है। घटना के बाद बस चालक व कंडक्टर फरार हो गए।
सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने नगरपालिका हाटा के कर्मचारियों की मदद से बस को हटवाकर आवागमन शुरू कराया। इस दौरान करीब एक घंटा के लिए आवागमन बाधित रहा।