पडरौना। रविवार 14 जून को होने वाली जीआईसी प्रवक्ता भर्ती परीक्षा के दिन शहर में ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। शहर में भारी वाहनों की एंट्री प्रतिबंधित रहेगी और सुगम यातायात के लिए रूट बदले जाएंगे। वहीं परीक्षा केंद्र वाले मार्ग पर सभी तरह के वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। इस मार्ग पर केवल अभ्यर्थियों के वाहनों को छूट मिलेगी।
जीआईसी प्रवक्ता भर्ती परीक्षा 14 जून को सुबह साढ़े नौ से साढ़े 11 बजे आयोजित की जाएगी। लोक सेवा आयोग की ओर से जारी निर्देशों में यह भी जिक्र किया गया है कि विधि व्यवस्था की समस्या उत्पन्न होने अथवा कर्फ्यू की स्थिति में अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र को ही कर्फ्यू पास माना जाएगा, ताकि परीक्षार्थियों को केंद्र तक पहुंचने में कोई असुविधा न हो। आयोग की तरफ से मिले निर्देश के बाद प्रशासन जीआईसी प्रवक्ता भर्ती परीक्षा को शासन की मंशा के अनुरूप संपन्न कराने में हर छोटे से छोटे बिंदुओं पर गंभीरता से विचार कर रहा है।
परीक्षा के लिए जिले में कुल छह केंद्र बनाए गए हैं। इनमें पडरौना के उदित नारायण इंटर कॉलेज में एक और उदित नारायण पीजी कॉलेज में दो केंद्र बनाए गए हैं। यातायात निरीक्षक अश्वनी कुमार राय ने बताया कि परीक्षा के दौरान शहर में सुबह छह बजे से दोपहर एक बजे तक भारी और व्यावसायिक वाहनों का प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा।