संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमगढ़। क्षेत्र के नैनुपहरू गांव में महाशिवरात्रि पर आयोजित कुश्ती में देश के अलावा अमेरिका और कजाकिस्तान के पहलवानों ने अपने-अपने दांव आजमाए। हाथरस के रामेश्वर और अमेरिका के प्रज्ञा के बीच कुश्ती बेहद रोमांचक रही। रामेश्वर ने प्रज्ञा को पटकनी देकर विजेता घोषित हुए।
सोमवार की दोपहर बाद पूर्व विधायक नंद किशोर मिश्र ने पहलवानों का हाथ मिलवाकर कुश्ती शुरू कराई। सबसे पहले अमेरिका के पहलवान प्रज्ञा अलिंप और हाथरस के पहलवान रामेश्वर यादव के बीच रोमांचक कुश्ती शुरू हुई। 15 मिनट की कुश्ती में रामेश्वर ने प्रज्ञा अलिंप को पांचवें मिनट में ही धूल चटा दी। इसके बाद दर्शकों की मांग पर इनके बीच दोबारा कुश्ती शुरू हुई, जिसमें कुश्ती शुरू होने के आठवें मिनट में फिर से रामेश्वर ने प्रज्ञा अलिंप को चित कर दिया।
इसके बाद कजाकिस्तान के मुरर्स पहलवान और कानपुर के रवि पहलवान को बीच कुश्ती हुई। जबरदस्त मुकाबले में कजाकिस्तान के मुरर्स ने कानपुर के रवि को पटकनी देकर विजेता घोषित हुए। इसके बाद हुई कुश्ती में कौशांबी के रामकिशुन तिवारी ने मथुरा के मोगे पहलवान को, हाथरस के मोहन ने व पंजाब के चकोर को धूल चटाई। वहीं, प्रयागराज की चिंता व हाथरस के बबलू, गाजीपुर के रितेश व हरियाणा के दीपक आहला के बीच कुश्ती बराबरी पर छूटी।
इसी तरह महिला पहलवान की कुश्ती में दिल्ली की बबीता ने मथुरा के पुरुष पहलवान लाल बहादुर को चित किया। जबकि, दिल्ली की बबीता व हरियाणा के सोनीपत की सविता के बीच कुश्ती बराबरी पर रही। कुश्ती में विजेता और उपविजेता पहलवानों को आयोजक की तरफ से पुरस्कृत किया गया। अंत में आयोजक अभिषेक मिश्रा व अंकुश मिश्रा ने अतिथियों के प्रति आभार जताया। संचालन बाबा बजरंगी व संदीप राणा ने किया।
इस दौरान बड़कू तिवारी, केशव पांडेय, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेमचंद मिश्रा, केडी सिंह कुशवाहा, ग्राम प्रधान मिंटेश राय आदि मौजूद रहे।