कप्तानगंज में महिला कब्बड्डी टीम के विजेता को सील्ड देकर पुरस्कृत करते खड्डा ब्लांक प्रमुख शशां
कप्तानगंज। तहसील क्षेत्र के कोटवा गांव में सोमवार को मंडल स्तरीय महिला व पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें महिलाओं की 12 व पुरुषों की 24 टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के पहले चरण में महिला खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। गोरखपुर की टीम विजेता और महराजगंज उपविजेता रही।
प्रतियोगिता में गोरखपुर रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम और महराजगंज स्टेडियम के बीच फाइनल मुकाबला हुआ। इसमें गोरखपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 16 प्वाइंट बनाई, जबकि महराजगंज की टीम सिर्फ आठ प्वाइंट ही बना पाई। इस तरह गोरखपुर की टीम विजेता व महराजगंज उप विजेता रही। इससे पूर्व ब्लाक प्रमुख शशांक दूबे ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का शुभारंभ कराया।
उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन भी किया। कहा कि खेल आपसी भाईचारे को बढ़ाता है। प्रदेश सरकार खेल व खिलाड़ियों के उन्नयन व विकास के लिए बेहतर काम कर रही है। विजेता व उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को शील्ड देकर पुरस्कृत किया। आयोजक भोला गोंड ने आगंतुकों के प्रति आभार ज्ञापित किया।
आनंद मिश्र, योगेंद्र सिंह, राधेश्याम पासवान, दुर्गेश सिंह , प्रेम सिंह, कपिल सिंह, संजय यादव, रितुराज चौबे, अंकित उपाध्याय, जगदंबा सिंह, अशोक दूबे, विपुल सिंह, सुरेंद्र सिंह आदि मौजूद थे।