पडरौना। शासन के निर्देश पर बृहस्पतिवार की शाम बैठक में डीएम ने एक अप्रैल से गेहूं खरीद का निर्देश दिया था। लेकिन इसके लिए संबंधित विभागों ने तैयारी पूरी नहीं की है।
गेहूं खरीद के किसी केंद्र पर किसान नहीं पहुंचे थे तो किसी पर केंद्र प्रभारी मौजूद नहीं थे। हाटा प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र की विपणन शाखा, पीसीएफ केंद्र पटनी और साधन सहकारी समिति बाघनाथ को क्रय केंद्र बनाया गया है।
शुक्रवार को विपणन शाखा का केंद्र खुला हुआ था। वहां मौजूद केंद्र प्रभारी एसएमआई राजेंद्र सिंह ने बताया कि गेहूं खरीद मद का धन और बोरा केंद्र पर उपलब्ध है। क्षेत्र में गेहूं की फसल अभी पूरी तरह से तैयार नहीं होने से पहले दिन कोई भी किसान गेहूं बेचने केंद्र पर नहीं आया।
यदि किसान आते हैं तो नियमानुसार उनके गेहूं की खरीद की जाएगी। साधन सहकारी समिति बाघनाथ पर केंद्र प्रभारी मौजूद नहीं थे। बैनर भी नहीं लगा था। वहां मौजूद एक व्यक्ति ने बताया कि केंद्र प्रभारी नहीं आए हैं।
इस बारे में डिप्टी आरएमओ निश्चल आनंद का कहना था कि क्रय केंद्र खुल गए हैं, लेकिन अभी वहां गेहूं की खरीदारी शुरू नहीं हो सकी है।