सोंदा नाला पुल का निर्माण नहीं हुुआ तो होगा आंदोलन
इस पुल के निर्माण के लिए क्षेत्र के लोग इसके पहले भी कर चुके हैं आंदोलन
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरवलिया बाजार। क्षेत्र के लोगों ने रविवार को सेमरा हरदो पट्टी और गुरवलिया को जोड़ने वाले सोंदा नाले के पास विरोध-प्रदर्शन किया। लोगों ने चेताया कि यदि सोंदा नाला पर पुल का निर्माण नहीं हुआ तो बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
कांग्रेस के पिछड़ा वर्ग के प्रदेश सचिव विनोद यादव की अगुवाई में प्रदर्शन कर रहे मंजेश प्रसाद, विश्वास सिंह, मदन प्रजापति, नंदलाल प्रसाद, विपिन, मुन्ना, राजकुमार, शिवकुमार प्रजापति, सत्यपाल गुप्ता, भोला शर्मा और अभय कुशवाहा आदि ने कहा कि सेमरा हरदोपट्टी गांव से गुरवलिया बाजार जाने वाली सड़क से सोंदा नाला निकला है। इस नाला पर पुल निर्माण के लिए बीते कई वर्षों से क्षेत्र के लोग मांग कर रहे हैं। यदि यहां पुल का निर्माण हो जाता है तो क्षेत्र के करीब दस गांव के लोगों को आने-जाने में सहूलियत होगी। इस पुल के निर्माण के लिए क्षेत्र के लोग कई बार स्थानीय विधायक से मांग करने के अलावा लोग प्रदर्शन भी कर चुके हैं। इसके बाद भी यहां अभी तक पुल निर्माण नहीं हो सका है। इससे लोगों में नाराजगी है। लोगों ने चेताया कि यदि शीघ्र नाला पर पुल का निर्माण नहीं हुआ तो बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
अलाव जलाने के लिए ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
उजारनाथ। क्षेत्र में पड़ रही शीतलहर के चलते कड़ाके की ठंड से बचाव के लिए ग्रामीणों ने रविवार को उजारनाथ चौराहे पर प्रदर्शन किया। लोगों ने उजारनाथ चौराहा सहित सभी सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाने की मांग की।
प्रदर्शन कर रहे गांव के इंद्रजीत कुशवाहा, विनय श्रीवास्तव, बाबूराम, रमेश, रफीक, नगीना, राजा, जावेद, राजेश, बाबूनंद, झुन्नू राय और मोतीलाल आदि ने कहा कि बीते तीन दिनों से हाड़कंपा देने वाली ठंड शुरू हो गई है। लेकिन अभी तक प्रशासन की तरफ से गांव के चौराहे और सार्वजनिक स्थानों पर अलाव नहीं जलाया जा रहा है। लोगों ने शीघ्र ही अलाव जलाने की मांग की है। इस संबंध में एसडीएम तमकुहीराज छेदीलाल सोनकर ने बताया कि जल्द ही तहसील क्षेत्र के चौराहों पर अलाव जलाने की व्यवस्था कराई जाएगी।