जर्जर अस्पताल में संचालित हो रहा पीएचसी
- स्वास्थ्यकर्मियों के आवास भी हो गए हैं जर्जर
- झाड़ियों की वजह से कीड़े-मकोड़ों का रहता है डर
संवाद न्यूज एजेंसी
उजारनाथ। तमकुही क्षेत्र के करमैनी स्थित नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र झाड़ियों से पट गया है। इससे कीटों का डर बना रहता है। इस न्यू पीएचसी का भवन सहित कर्मचारियों के आवास भी जर्जर हो गए हैं। इसके अलावा पेयजल का इंतजाम न होने के कारण मरीजों और तीमारदारों को परेशानी होती है।
करमैनी, मंगलपुरा, सपही बुजुर्ग, देवरिया वृत्त, भेलया, कोरया, सिंदुरिया बुजुर्ग, अमरवा, मठिया, पकड़ी गोसाईं, जवार भैंसहा सहित 30 गांवों के बीच स्थित यह एकमात्र नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र है। इस परिसर में ही आयुर्वेदिक अस्पताल का संचालन भी होता है। यहां प्रतिदिन लगभग 100 से अधिक मरीज इलाज के लिए आते हैं। अस्पताल का भवन तो जर्जर हालत में है। इसके अलावा डॉक्टर, फार्मासिस्ट, स्टॉफ नर्स और वार्ड ब्वॉय के आवास भी जर्जर हालत में हैं। इस अस्पताल की चहारदीवारी न होने के कारण बाहरी लोगों का बेरोकटोक आना जाना लगा रहता है। इस अस्पताल की खिड़कियां भी टूट गई हैं। यहां शौचालय न होने से लोगों को परेशानी होती है।
इसके अलावा हैंडपंप भी खराब है। इस संबंध में तमकुहीराज सीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. राकेश गुप्ता का कहना है अभी बजट नहीं आया है। बजट आने पर पीएचसी के भवन का निर्माण कराया जाएगा।