मेंहदावल। तहसील में पावरलूम कारोबार बदहाल स्थिति में है। सूत के धागों की जगह अब बाजार में टेरीकाट धागे की बिक्री शुरू हुई तो हुनरमंद हाथ बेकार हो गए। यहां के कारीगर अन्य महानगरों की तरफ पलायन कर रहे हैं।
जनपद के उत्तरांचल का क्षेत्र लंबे समय से बुनकर बाहुल्य माना जाता है। कभी यहां के बुनकरों के हुनरमंद हाथों से बुने कपड़े की बिक्री खलीलाबाद के बरदहिया बाजार की पहचान होती थी। महाराष्ट्र, बंगाल, कर्नाटक समेत अन्य प्रदेश के व्यापारी बुनकरों के हाथ से तैयार कपड़ों की खरीदारी करने यहां के साप्ताहिक बाजार आते थे, लेकिन समय के साथ हुनरमंद हाथों से रोजगार छिनता चला गया।
वर्तमान में मेंहदावल नगर पंचायत के भितरीटोला, बरागददी, नई बाजार, बखिरा नगर पंचायत के अमरडोभा नौरो, हरदी, नंदौर समेत कई स्थानों पर बुनकर पावरलूम बेचने को मजबूर हैं। हालत यह है कि कच्चे सूत के दाम आसमान छू रहे हैं। बुनकरों द्वारा तैयार माल के लिए बाजार उपलब्ध नहीं है। खलीलाबाद का बरदहिया बाजार रेडीमेड कपड़ों का बाजार बन गया है, जबकि बुनकरों के हाथ से तैयार कपड़ा कभी इस बाजार की पहचान हुआ करता था।
बुनकरों की स्थिति दिन-प्रतिदिन खराब हो रही है। युवा बुनकर अब यह क्षेत्र छोड़कर महानगरों की तरफ पलायन कर रहे हैं, वहां पहुंचकर रोजी-रोटी तलाश रहे हैं। स्थिति यह है कि बुनकर बाहुल्य क्षेत्र के पावरलूम की खट-पट की आवाज धीमी पड़ती जा रही है। कस्बे के कई मोहल्ले में बुनकरों के पावरलूम बंद हैं। कई लोग पावरलूम बेच चुके हैं और इस व्यवसाय को छोड़कर घर परिवार चलाने के लिए दूसरे व्यवसाय से जुड़ रहे हैं।
सूत के दाम आसमान छू रहे हैं। टेरीकाट सूत सस्ता है। काटन सूत महंगा है। बुनकरों द्वारा तैयार माल के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध नहीं है। युवा बुनकर रोजी-रोटी के लिए महानगर की तरफ पलायन करने को मजबूर हैं।
-बदले आलम, बुनकर
मेंहदावल से बुनकरी का कारोबार छोड़ भिवंडी महाराष्ट्र में मजदूरी कर रहा हूं। अपने क्षेत्र में पावरलूम का कारोबार ठप पड़ गया है। ऐसे में महाराष्ट्र जाकर मजदूरी करना मजबूरी हो गई है। वहां प्रतिदिन 600 का काम हो जाता है।
-अकबर, बुनकर
मगहर में बंद पड़ी कताई मिल। संवाद- फोटो : samvad
मगहर में बंद पड़ी कताई मिल। संवाद- फोटो : samvad
मगहर में बंद पड़ी कताई मिल। संवाद- फोटो : samvad