संतकबीरनगर। जनपद न्यायाधीश रणधीर सिंह, डीएम आलोक कुमार व एसपी संदीप कुमार मीना ने सोमवार को जिला कारागार का निरीक्षण किया। इस दौरान जिला जज ने निर्देश दिए कि जेल के अंदर कोई भी प्रतिबंधित सामग्री न जाने पाए।
निरीक्षण के दौरान हाॅस्पिटल, बैरक, मेस, जेल परिसर आदि का सघन निरीक्षण किया गया। साथ ही जिला जज, डीएम व एसपी ने कैदियों से वार्ता कर उनकी समस्याओं एवं सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। अधिकारियों ने कहा कि कार्यवाहियों का निर्वहन पूर्ण एवं सही तरीके से करें। जेल परिसर की साफ-सफाई आदि के संबंध में कारागार कर्मियों को निर्देशित किया। भोजन आदि की गुणवत्ता ठीक पाई गई।
निरीक्षण के दौरान प्राथमिक शिक्षा के लिए बंदियों के नये बैच का शुभारंभ किया गया तथा पूर्व में शिक्षित बंदियों के मध्य फाउंडेशन द्वारा निर्गत प्रमाणपत्र का वितरण किया गया। फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट द्वारा प्रशिक्षित बंदियों को फास्टैक प्रमाणपत्र वितरण किया गया।
इस अवसर पर अपर जिला जज एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सुनील कुमार सिंह, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट चेतना त्यागी, सिविल जज (जूडि) भारती तयाल व जेल अधीक्षक कुलदीप सिंह आदि उपस्थित रहे।