चार महीने से लो-वोल्टेज की समस्या से जूझ रहे हैं लोग
लक्ष्मीगंज (कुशीनगर)। क्षेत्र के सपहा विद्युत उपकेंद्र से जुड़े गावों में चार माह से लो-वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। आलम यह है कि बिजली आने के बाद पंखे समेत अन्य बिजली के उपकरण ठीक से कार्य नहीं कर रहे हैं।
क्षेत्र के खोटही, पगार, फुलवरिया, तरकुलवा, देवरिया बाबू आदि गावों में अप्रैल से ही लो-वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। खोटही पगार गांव के लोगों का कहना है कि दिन के समय बिजली सप्लाई ठीक रहती है, लेकिन शाम को लो-वोल्टेज होने से घर में लगे बल्ब की रोशनी कम हो जाती है। पंखा समेत अन्य बिजली के उपकरण ठीक से कार्य नहीं करते हैं। देवरिया बाबू, फुलवरिया, तरकुलवा आदि गांव के लोगों का कहना है कि हमेशा लो वोल्टेज की समस्या बनी है। गांव के राकेश सिंह, विकास कुमार, दिलीप निषाद, रामप्रीत मौर्य, जगदीश प्रसाद, मोतीलाल साहनी, भूपेंद्र साहनी, संदीप यादव आदि ने कहा कि लो-वोल्टेज बिजली आपूर्ति होने से उमस भरी गर्मी में लोगों परेशान हैं। इस संबंध में जेई राजाराम सागर ने बताया कि ऊपर से ही वोल्टेज कम आ रहा है। जितनी बिजली मिलती है उतनी आपूर्ति की जाती है।
हाई वोल्टेज तार गिरा, कोई हताहत नहीं
रगड़गंज। पटहेरवा थाना क्षेत्र के परसौनी खुर्द गांव में सोमवार की देर रात घनी आबादी के बीच होकर गुजरा हाइटेंशन तार गिर गया। संयोग अच्छा रहा कि इसकी चपेट में कोई नहीं आया। मंगलवार की भोर में टहलने निकली गांव की महिलाओं ने तार गिरने वाले स्थान पर चिनगारी निकलते देख शोर मचाया। इसके बाद बिजली निगम के अधिकारियों को फोन कर लाइन कटवाया गया। गनीमत रहा कि रास्ते पर गिरे बिजली के हाई वोल्टेज तार की चपेट में कोई नहीं आया, लिहाजा बड़ा हादसा टल गया। संवाद