पूर्व प्रधान और पति पर धोखाधड़ी का केस दर्ज
विशुनपुरा थाना क्षेत्र के पडरौन मडुरही का मामला
गोड़रिया(कुशीनगर)। विशुनपुरा थानाक्षेत्र के ग्राम पंचायत पडरौन मडुरही में फर्जी दस्तावेज के आधार पर 42 अपात्रों को पट्टा देने के आरोप में पुलिस ने पूर्व प्रधान और उनके पति के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। यह कार्रवाई एसीजेएम कसया के आदेश पर की गई है। पुलिस इस मामले में जांच कर रही है।
पडरौन मडुरही ग्राम पंचायत वर्तमान में दुदही नगर पंचायत में शामिल हो गई है। आरोप है कि इस ग्राम पंचायत की सरकारी जमीन को पूर्व ग्राम प्रधान और उनके पति ने कूटरचित दस्तावेज तैयार कर 42 अपात्रों के नाम से पट्टा कर दिया। इस मामले में गांव के भूखल गुप्ता ने जनसूचना अधिकार के तहत जानकारी मांगी, तब मामला खुला। यह बात सामने आई कि पूर्व की तारीख में तत्कालीन लेखपाल और कानूनगो की मिलीभगत से महिला प्रधान व उनके पति ने अपात्रों को पट्टा आवंटित कर दिया।
इसके बाद भूखल गुप्ता ने डीएम से मिलकर शिकायत की। यह भी आरोप लगा कि इसकी शिकायत से नाराज प्रधान के पति ने भूखल गुप्ता को मारने-पीटने की धमकी दी थी। प्रशासन की जांच में ढुलमुल रवैया अपनाने से फरियादी ने कोर्ट की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर विशुनपुरा थाने की पुलिस ने पडरौन मडुरही की पूर्व ग्राम प्रधान जानकी देवी और उनके पति शिवशंकर कुशवाहा पर फर्जी दस्तावेज तैयार करने, धोखाधड़ी सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
इस संबंध में विशुनपुरा थाने के एसओ नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर पूर्व ग्राम प्रधान और उनके पति पर धोखाधड़ी और अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी है।