बड़हरागंज में पथराव, नौरंगिया तिराहे पर सिपाही का सिर फोड़ा
पुलिस ने संयम से लिया काम, आसानी से निबट गया मामला
डीएम व एसपी फोर्स लेकर लगातार करते रहे गश्त
अमर उजाला ब्यूरो
कुशीनगर। मोहर्रम पर जिले में कुछ जगहों पर विवाद हो गया। हालांकि समय रहते पहुंचे पुलिस अफसरों ने सूझबूझ दिखाते हुए स्थिति को बिगड़ने से बचा लिया। बड़हरागंज में सुबह कुछ लोगों द्वारा एक ताजिया पर पथराव से मामला गरमा गया लेकिन दोपहर बाद पुलिस की सुरक्षा में ताजिया निकाला गया। नौरंगिया चौराहे पर एक सिपाही का सिर फोड़ दिया गया। विधायक ने अपनी गाड़ी से जिला अस्पताल ले जाकर इलाज कराया। डीएम व एसपी लगातार पुलिस फोर्स साथ लेकर गश्त पर थे।
पिपरा बाजार प्रतिनिधि के अनुसार, सांप्रदायिक नजरिए से संवेदनशील पडरौना कोतवाली के बड़हरा गांव में मंगलवार को दूसरे पहर ताजिया का जुलूस तनाव भरे माहौल में परंपरा के विपरीत डेढ़ घंटे विलंब से निकला। वजह यह रही कि एक पक्ष ने सुबह जुलूस पर पथराव का आरोप लगाते हुए अधिकारियों के मौके पर आने तक ताजिया उठाने से इनकार कर दिया था। आखिरकार कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक बड़हरा पहुंचे। तब जाकर जुलूस गंतव्य के लिए रवाना हुआ।
मंगलवार की सुबह आठ बजे बड़हरा गांव में ताजिया का जुलूस निकाला गया। लोगों का आरोप था कि दूसरे पक्ष की ओर से पथराव में दो युवक चोटिल हो गए। हालांकि दूसरे पक्ष ने इस आरोप को बिल्कुल निराधार बताते हुए कहा कि जुलूस के साथ चलने वाले आपत्तिजनक नारे लगा रहे थे, जिस पर थोड़ी कहासुनी हुई। बाद में दोनों पक्षों के संभ्रांत व्यक्तियों के समझाने पर मामला शांत हो गया। एसपी विनोद कुमार मिश्र ने बताया कि पथराव की कोई घटना नहीं हुई। कुछ लोग आमने सामने आ गए थे, जिन्हें संभ्रांत लोगों ने समझाकर मामला शांत करा दिया।
नेबुआ रायगंज प्रतिनिधि के अनुसार, नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के नौरंगिया तिराहा स्थित कर्बला की सुरक्षा ड्यूटी में तैनात रहे कांस्टेबल आनंद गोपाल को कुछ शरारती तत्वों ने डंडे से सिर पर प्रहार कर घायल कर दिया। उनका आरोप था कि सिपाही वीडियो बना रहा था। विधायक जटाशंकर त्रिपाठी ने संयुक्त जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उसका इलाज हुआ। एसपी विनोद कुमार मिश्र ने बताया कि पुलिस कार्रवाई के अंतर्गत कांस्टेबल वीडियो बना रहा था तभी कुछ व्यक्तियों ने माहौल बिगाड़ने के लिए उसे घायल कर दिया।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने ताजिया कर्बला तक भेजवाया
टेकुआटार प्रतिनिधि के अनुसार, रामकोला थाना क्षेत्र के टेकुआटार गांव के भवानी टोला में ताजिया घुमाने को लेकर हल्का विवाद हो गया। इसकी सूचना मिलते ही ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अभिषेक पांडेय और खड्डा सीओ नवीन कुमार नायक तथा एसओ रामकोला संजय कुमार मिश्रा फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों पक्षों को समझा बुझाकर ताजिए को कर्बला तक भेजवाया।
करतब दिखाने झड़प, तीन गांवों के लोग हुए आमने सामने
रगड़गंज। पटहेरवा थाना क्षेत्र मंगुरीपट्टी स्थित कर्बला में करतब दिखाने को लेकर हुई झड़प में तीन गांव के लोग आमने सामने हो गए। बाद में पुलिस व कुछ बुद्धिजीवियों के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ। मंगुरी पट्टी स्थित पुराने कर्बला पर लगभग तीन दशकों से कोटवा टीकमपार, परसौनी खुर्द, बिहार बुजुर्ग, गगलवा, मीर बिहार, मंगुरी पट्टी, कटहरी बाग सहित कई गांव के लोग ताजिया लेकर जाते हैं। यहां झारी के साथ साथ मेले में पहुंचे युवक करतब दिखाते हैं।