पडरौना। नगर के स्वामी विवेकानंदनगर के लोगों ने रविवार को मोहल्ले की सड़क पर भरे पानी में खड़े होकर प्रदर्शन किया। लोगों का कहना था कि जलनिकासी के लिए सड़क किनारे नाली निर्माण कराने की कई बार मांग की गई, लेकिन नगर पालिका की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं हुई। लोगों ने चेताया कि यदि शीघ्र जलनिकासी की व्यवस्था नहीं हुई तो बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे सौरभ श्रीवास्तव ने कहा कि मोहल्ले की यह सड़क मुख्य सड़क से करीब आधा फुट नीचे हो गई है। घरों से निकलने वाले पानी की निकासी के लिए मोहल्ले में सड़क के किनारे नाली का निर्माण भी नहीं कराया गया है। जो नाली दिख रही है, उसे यहां रहने वाले लोगों ने अपने खर्च पर बनवाया है। जो लोग अपने घर के सामने नाली या सोख्ता नहीं बनवाए हैं, उनके घर का पानी या तो सड़क पर या खाली जमीन में एकत्र होता है।
हालत यह है कि हल्की बारिश होने पर सड़क पर बारिश का पानी भर जाता है। यहां एकत्र पानी बारिश बंद के पांच से छह दिन तक रहता है। इसके चलते इस रास्ते से आने-जाने वाले करीब 50 परिवारों को परेशानी तो होती है, यहां रहने वाले लोगों को जलजनित बीमारियां होने की आशंका बनी रहती है। इस सड़क को ऊंचाकर नाली निर्माण के लिए वार्ड के सभासद और नगरपालिका अध्यक्ष से कई बार मांग की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे यहां रहने वाले लोगों में नाराजगी है। उन्होंने चेताया कि यदि शीघ्र जलनिकासी की व्यवस्था नहीं हुई तो बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान जितेंउ्र मद्धेशिया, त्रिलोकी कुमार, अर्जुन पटवा, मनीष सोनी, अख्तर अंसारी, अमीर अंसरी, इर्शाद अंसारी आदि मौजूद रहे।