साहबगंज पुल के पास दिखा मगरमच्छ
लक्ष्मीगंज (कुशीनगर )। रामकोला क्षेत्र के गंडक नदी के साहबगंज पुल के पास स्थित छठ घाट पर बीते एक सप्ताह से लोग मगरमच्छ देख रहे हैं। लोगों ने रविवार को मगरमच्छ दिखने पर इसकी जानकारी कप्तानगंज एसडीएम को दी। सूचना पर पहुंचे राजस्व कर्मचारियों ने मुआयना किया।
रविवार को गंडक नदी के किनारे छठ घाट की साफ-सफाई करने के लिए गांव के कुछ लोग छठ घाट गए थे। गांव के रामायण, सुरेश, नंदी, मनोज सिंह, सतीश कुमार आदि ने बताया कि नदी से निकलकर दो मगरमच्छ जमीन पर पड़े थे। इसे देखकर लोग घाट से भाग गए। घाट पर मगरमच्छ मिलने से गांव में दहशत व्याप्त है। मगरमच्छ मिलने से लोगों ने नदी में पशुओं को नहलाना, पानी पिलाना बंद कर दिया है। लोगों ने इसकी जानकारी एसडीएम कल्पना जायसवाल को दी। एसडीएम ने राजस्व कर्मचारी को मौके पर कर जरूरी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।