नौतनवा। रेलवे प्रशासन द्वारा गोरखपुर नौतनवा रेल खंड पर चलने वाली चार पैसेंजर ट्रेनों को 11 दिनों तक निरस्त कर देने से सोमवार को नौतनवा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से यात्रा करने आए यात्री हलकान रहे। ट्रेन निरस्त होने से यात्रियों को अधिक किराया देकर रोडवेज से यात्रा करना पड़ा।
पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल के गोरखपुर गोंडा रेल खंड पर स्थित डोमिनगढ़ जगतबेला के मध्य ऑटोमेटिक सिग्नलिंग कार्य एवं कुसम्ही गोरखपुर कैंट गोरखपुर तीसरी लाइन के परिपेक्ष्य में डोमिनगढ़ स्टेशन पर प्री नॉन इंटरलॉकिंग कार्य हो रहा है जिसके कारण 14 अक्तूबर से लेकर 27 अक्तूबर तक यानी सोमवार से 11 दिनों के लिए 05469 नकहा जंगल से नौतनवा, 05470 नौतनवा से चलकर गोरखपुर तक जाने वाली सवारी गाड़ी और नकहा जंगल से 2:50 बजे चलकर नौतनवा तक आने वाली 05471 सवारी गाड़ी और नौतनवा से शाम 6:55 बजे चलकर नकहा जंगल तक जाने वाली पैसेंजर ट्रेन निरस्त कर दी गई हैं।
वहीं 19 अक्तूबर को 18206 नौतनवा दुर्ग एक्सप्रेस के रूट में परिवर्तन कर दिया गया है। यह ट्रेन गोरखपुर, भटनी, मऊ, बनारस होकर दुर्ग तक जाएगी। सोमवार को नौतनवा रेलवे स्टेशन पर आए यात्री ट्रेन निरस्त होने से काफी परेशान रहे लोग विवश होकर अधिक किराया देकर रोडवेज बस से अपने गंतव्य तक यात्रा किए। यात्री कोमल यादव, रामचंद्र, रजनीश, प्रमोद कुमार, शिव शंकर यादव, संतोष जायसवाल, विशाल अग्रहरि, सूरज कुमार ने बताया कि गोरखपुर जाना है। स्टेशन पर आए तो ट्रेन निरस्त होने के कारण विवश होकर अधिक किराया देकर यात्रा करना पड़ा। ट्रेन का किराया 25 रुपये लगता है। रोडवेज बस का किराया 135 रुपये लगता है।
स्टेशन अधीक्षक जफरे आलम ने बताया डोमिनगढ़ में नॉन इंटरलॉकिंग कार्य किए जाने के कारण चार पैसेंजर ट्रेनों को रेल प्रशासन द्वारा निरस्त कर दिया गया है जिससे यात्रियों को असुविधा हो रही है।