गड्ढे में गिरी बेकाबू कार, एक की मौत, दो की हालत गंभीर
रामकोला (कुशीनगर)। थाना क्षेत्र के सिधावट गांव के पास तेज गति से आ रही एक लग्जरी कार अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे गड्ढे में पलट गई। इसमें चालक समेत चार लोगों में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची घायलों को कप्तानगंज सीएचसी भेजा, जहां डॉक्टर ने एक को मृत घोषित कर दिया। शेष दो घायलों का प्राथमिक उपचार कर गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहीं, कार चालक मौके से फरार हो गया।
कप्तानगंज थाना क्षेत्र के इंदरपुर निवासी दिनेश चौरसिया, शैलेश चौरसिया और दुर्गेश साहनी एक लग्जरी कार से रामकोला थाना क्षेत्र के सिधावट गांव में गए थे। वहां से वापस अपने घर जाते समय कार की रफ्तार तेज होने से अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे पानी से भरे गड्ढे में गिर गई। इस हादसे में कार सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस तीनों घायलों को कप्तानगंज सीएचसी भेजवाई। डॉक्टर ने शैलेश चौरसिया को मृत घोषित कर दिया और गंभीर रूप से घायल दुर्गेश साहनी और दिनेश चौरसिया को प्राथमिक इलाज कर गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। जबकि कार चालक घटना के बाद मौके से फरार बताया जा रहा है। रामकोला एसओ डीके सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घायलों को कप्तानगंज सीएचसी के डॉक्टर ने गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया है।