लोगों ने जताई नाराजगी,स्टेशन पर ट्रेन के ठहराव के लिए रेलवे प्रशासन से विचार की मांग
तमकुहीरोड। त्योहारों में यात्रियों के भीड़ को नियंत्रित करने के उद्देश्य से कप्तानगंज-थावे रेलमार्ग पर पूर्वोत्तर रेलवे द्वारा 05085/05086 छपरा-आनंद विहार टर्मिनल स्पेशल साप्ताहिक ट्रेन परिचालन मंगलवार से शुरू हो गया है। लेकिन इस पूजा स्पेशल ट्रेन का ठहराव तमकुहीरोड में नहीं किए जाने पर लोगों ने निराशा जताई है।
मंगलवार को यह ट्रेन पहली फेरा के लिए चली और थावे से सीधे अगले स्टॉपेज पडरौना के लिए रवाना हो गई और तमकुहीरोड पर नहीं रुकी। स्थानीय लोगों का कहना है कि इसके पहले सभी स्पेशल ट्रेनों का ठहराव तमकुहीरोड स्टेशन पर होता रहा है। पूर्वोत्तर रेलवे द्वारा दुर्गा पूजा, दशहरा, दिवाली व छठ जैसे महत्वपूर्ण त्योहारों में यात्रियों के भीड़ को नियंत्रित करने के उद्देश्य से कप्तानगंज-थावे रेलमार्ग पर लालकुआं-कोलकाता एक्सप्रेस ट्रेन के बाद दूसरी पूजा स्पेशल साप्ताहिक 05085/05086 छपरा-आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस ट्रेन को मंजूरी दी थी।
जिसमें 6 अक्तूबर से 25 नवंबर के बीच आठ फेरों के लिए चलाई जाने वाली छपरा-आनंद विहार टर्मिनल पूजा स्पेशल ट्रेन का परिचालन मंगलवार से शुरू हो गया है। अपनी पहली फेरा में यह ट्रेन मंगलवार को 13.05 बजे छपरा से चली और थावे होते हुए सीधे अगले स्टॉपेज पडरौना के लिए रवाना हो गई। यह ट्रेन तमकुहीरोड स्टेशन पर नहीं रुकी। इस ट्रेन का स्टॉपेज यूपी बिहार बॉर्डर के महत्वपूर्ण स्टेशन तमकुहीरोड को नहीं बनाए जाने पर क्षेत्र के अशोक वर्मा, जयंत गुप्ता, अभिषेक शुक्ल, राहुल सोनी, जितेंद्र वर्मा आदि का कहना है कि इसके पहले इस रूट से चलने वाली सभी स्पेशल ट्रेनों का स्टॉपेज तमकुहीरोड में होता रहा है।
यही नहीं इस रूट पर वर्तमान में चलने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन, छपरा-अमृतसर साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन का स्टॉपेज तमकुहीरोड में है। जबकि अगले 8 अक्तूबर से चलने वाली लालकुआं-कोलकाता पूजा स्पेशल ट्रेन का स्टॉपेज भी तमकुहीरोड में रखा गया है। लेकिन इस ट्रेन का स्टॉपेज तमकुहीरोड को नहीं बनाए जाने पर निराशा जताई है। इन लोगों का यह भी कहना है कि इस क्षेत्र के काफी लोग गाजियाबाद व दिल्ली में पढ़ाई व रोजगार के लिए रहते हैं। जिन्हें इस सुविधा से वंचित रहना पड़ेगा।