एपी बांध के लिए नौ करोड़ 18 लाख की मंजूर
- बांध के किलोमीटर 12.860 की पुनर्स्थापना की शासन ने दी स्वीकृति
संवाद न्यूज एजेंसी
तमकुहीरोड। बाघाचौर और नोनियापट्टी गांव के पास एपी बांध के किमी 12.860 पर क्षतिग्रस्त ठोकर की पुनर्स्थापना के लिए नौ करोड़ 18 लाख 88 हजार रुपये की वित्तीय मंजूरी मिली है। इसे लेकर बाढ़ खंड के अभियंता ठोकर के निर्माण की कवायद में जुट गए हैं।
15 जून से शुरू होने वाले मानसून सत्र से पहले बाढ़ खंड विभाग एपी बांध की सुरक्षा को लेकर अभी से तैयारियों में जुट गया है। पिछले मानसून सत्र में बाघाचौर और नोनियापट्टी गांव के पास एपी बांध के किमी 12.860 बना ठोकर गंडक नदी की कटान से क्षतिग्रस्त हो गया था। एपी बांध के साथ नोनियापट्टी, बाकखास, बाघाचौर, अहिरौलीदान सहित कई गांवों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई थी। उस ठोकर की संवेदनशीलता को देखते हुए बाढ़ खंड तृतीय ने ठोकर पुनर्स्थापना के कार्य का प्रस्ताव जल संसाधन विभाग को भेजा था। इसे जल संसाधन विभाग ने मंजूरी देते हुए नौ करोड़ 18 लाख 88 हजार की रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। इसके बाद बाढ़ खंड तृतीय के जेई चंदप्रकाश, जेई रमेशधर दुबे, जेई संजय कुमार मौर्य, जेई सुनील कुमार यादव, जेई राकेश कुमार आदि ठोकर पुनर्स्थापना की कवायद में जुट गए हैं। शुक्रवार को इन लोगों ने पहले नाव से क्षतिग्रस्त ठोकर का जायजा लिया और बाद में विशेष उपकरणों से निर्माण कार्य का डायग्राम तैयार किया। इस संवेदनशील ठोकर के पुनर्स्थापना कार्य की मंजूरी मिलने पर क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है। बाढ़ खंड तृतीय के सहायक अभियंता एसके प्रियदर्शी का कहना है कि ठोकर निर्माण का कार्य एक सप्ताह के भीतर शुरू करा दिया जाएगा।
भाजपा पिछड़ा प्रकोष्ठ के जिला उपाध्यक्ष जेके सिंह, कृष्णा निषाद, दीनानाथ सिंह, पप्पू यादव, संजय सिंह, पप्पू सिंह आदि का कहना है कि एपी बांध व गांवों की सुरक्षा की दृष्टि से यह काफी संवेदनशील ठोकर बन गया था। इसके निर्माण से बांध पर नदी के दबाव का खतरा कम हो जाएगा।