सुधियानी गांव निवासी नेपाल में हुई अमन गोंड की मौत के बाद घर पर जुटी लोगों की भीड़।संवाद
कप्तानगंज(कुशीनगर)। नेपाल में आई त्रासदी के दौरान लापता सुधियानी के अमन गौड़ का शव मिलने की सूचना पर शुक्रवार की शाम नेपाल पहुंचे परिजन वहां शवों का ढेर देख रो पड़े। शव कई दिन पुराना हो जाने से उसे घर नहीं ला सके। नेपाल सरकार की मदद से शनिवार को नवल परासी में अंतिम संस्कार कर दिया।
बड़े भाई दीपक ने वीडियो कॉल कर मां व परिवार के अन्य सदस्यों को अमन का अंतिम संस्कार दिखाया। हालात ऐसे हुए कि अमन को वतन की मिट्टी भी नसीब नहीं हो सकी। परिवार के सदस्यों को इसका मलाल है। घर वाले उसका ब्रह्मभोज करेंगे।
सुधियानी गांव के 22 वर्षीय अमन गौड़ नेपाल की एक कंपनी में काम करते थे। 26 अगस्त को आई त्रासदी में इसी गांव के अमन समेत तीन युवक लापता हो गए। पांच युवक बचकर घर पहुंच गए। शुक्रवार सुबह अमन का शव मिलने की सूचना मिली तो अमन का बड़ा भाई दीपक और पिता सेतभान रिश्तेदारों के साथ नेपाल रवाना हो गए। घर की महिलाओं को बताया कि अमन के मिलने की सूचना मिली है हम लोग जा रहे हैं। वहां जाने के बाद जवान बेटे का शव देख पिता को काठ मार गया। बड़ा भाई दीपक दहाड़े मारने लगा। साथ मौजूद रिश्तेदारों ने किसी तरह संभाला।
नेपाल प्रशासन ने दीपक और सेतभान का डीएनए सैंपल लिया। दीपक और सेतभान शव गांव लाकर दाह संस्कार करना चाहते थे लेकिन शव की स्थिति और वहां के हालात ऐसे रहे कि शनिवार को सुबह शव को नवलपरासी लाकर दाह संस्कार कर दिया। पड़ोस के एक युवक के मोबाइल से वीडियो कॉल कर दीपक ने अपनी मां को दाह संस्कार का दृश्य दिखाया। दृश्य देख परिवार में चीख-पुकार मच गई।
अमन की मां कालिंदी देवी बेटे का अंतिम दर्शन भी नहीं कर सकीं। अमन गौड़ दो भाइयों में छोटा था। बड़ा भाई दीपक गौड़ रोजी रोटी के लिए हरियाणा में रहता है।
सुधियानी गांव निवासी नेपाल में हुई अमन गोंड की मौत के बाद घर पर जुटी लोगों की भीड़।संवाद
सुधियानी गांव निवासी नेपाल में हुई अमन गोंड की मौत के बाद घर पर जुटी लोगों की भीड़।संवाद