विमानों के सुरक्षित उड़ान को लेकर हुई बैठक
पांच किमी तक मीट, मछली की बिक्री प्रतिबंधित करने का निर्णय
संवाद न्यूज एजेंसी
कसया। इंटरनेशनल एयरपोर्ट कुशीनगर के टर्मिनल बिल्डिंग के आरक्षित प्रतीक्षा कक्ष में बृहस्पतिवार को डीएम की मौजूदगी में विमान क्षेत्र पर्यावरण प्रबंधन समिति की बैठक हुई। इसमें एएआई (एयरपोर्ट अथारिटी ऑफ इंडिया), नगर पालिका, कसाडा और पीडब्ल्यूडी, पंचायतराज विभाग के अधिकारी की मौजूदगी में विमान उड़ान क्षेत्र में मीट, मछली की बिक्री, स्लॉटर हाउस संचालन को पूर्णतया प्रतिबंधित करने और भवन निर्माण के लिए रेड, परपल और यलो जोन में मॉनीटरिंग करने के अलावा एयरपोर्ट की साफ-सफाई व घास काटने पर विस्तार से चर्चा की गई। जिनके पास लाइसेंस होगा उन्हें लाइसेंस के मानक पर दुकान संचालन की अनुमति देने का निर्णय लिया गया। बैठक में भवन निर्माण को लेकर एयरपोर्ट अथारिटी ने तीन क्षेत्र तय किया है।
रेड जोन में 41 गांव शामिल
रेड जोन में 41 गांव को शामिल किया गया है। इन 41 गांवों में निर्माण के लिए एएआई से अनापत्ति प्रमाण पत्र अनिवार्य कर दिया गया है। बगैर एनओसी के कसाडा मानचित्र पास नहीं करेगा। बैंगनी जोन में 78 और यलो जोन में 94 गांव यानी कुल 172 गांव शामिल हैं। यहां भवन निर्माण के लिए कसाडा मानचित्र शर्त के मुताबिक स्वीकृत कर एयरपोर्ट अथारिटी को सूचित करेगा। डीएम ने एयरपोर्ट परिसर के अंदर 1.8 किलोमीटर लंबाई में एप्रोच मार्ग का निर्माण करना है। एयरपोर्ट के बाहर बन रहे फोरलेन मार्ग से जुड़ेगा। हालांकि विकल्प के तौर पर एएआई ने दूसरे मार्ग का निर्माण कर लिया है।
सफाई के लिए डीएम ने निर्देश दिया
एयरपोर्ट परिसर के अंदर उगी झाड़ियों की कटिंग व सफाई के लिए डीएम ने डीपीआरओ को निर्देशित किया है। बैठक के उपरांत बाद डीएम ने बताया कि अगले माह इंटरनेशनल उड़ान से एयरपोर्ट का उद्घाटन हो सकता है। हालांकि उन्होंने इसकी आधिकारिक पुष्टि करने से इन्कार किया। इस मौके पर एयरपोर्ट अथारिटी के डायरेक्टर अनिल द्विवेदी, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट पूर्ण बोरा, एसडीएम प्रमोद तिवारी, तहसीलदार मांधाता सिंह, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी हेमराज सिंह, ईओ प्रेमशंकर गुप्ता, भंते महेंद्र, टीके राय, एयरपोर्ट सुरक्षा प्रबंधक संतोष मौर्य, नीलेश रंजन राव आदि मौजूद रहे।