एएनएम नियुक्ति की जांच करेगी तीन सदस्यीय टीम
- सीएमओ ने डीएलओ के नेतृत्व टीम का गठन किया
संवाद न्यूज एजेंसी
कुशीनगर। जनपद में दिसंबर माह के पहले सप्ताह में एनएचएम के तहत हुई संविदा एएनएम की नियुक्ति में अनियमितता के शिकायत की जांच तीन सदस्यीय टीम करेगी। इस जांच टीम का नेतृत्व जिला कुष्ठ अधिकारी करेंगे। सीएमओ ने एक सप्ताह के भीतर जांच पूरी करने का निर्देश दिया है। अनियमितता की शिकायत करने वाली अभ्यर्थियों की खबर अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
जिले के स्वास्थ्य विभाग में सात दिसंबर को 110 संविदा एएनएम की नियुक्ति हुई थी। नियुक्ति प्रक्रिया में पात्रों की अनदेखी करने का आरोप लगने लगा था। अभ्यर्थियों ने सीएमओ और डीएम को ज्ञापन सौंपकर इसकी जांच कराने की मांग की थी। आवेदनकर्ताओं ने मेरिट अधिक होने के बावजूद नियुक्ति न किए जाने का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की थी। यह खबर अमर उजाला ने अपने 11 दिसंबर के अंक में ‘आरोप: मेरिट वाले दरकिनार, कम अंक वालों को मिल गई नियुक्ति’ शीर्षक से प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद सीएमओ की तरफ से नियुक्ति की जांच का आदेश दिया गया है।
सीएमओ डॉ. सुरेश पटारिया ने जिला कुष्ठ अधिकारी डॉ. बीके वर्मा, कार्यालय के प्रधान सहायक विश्राम प्रसाद और एनएचएम के जिला एकाउंट मैनेजर को जांच कर एक सप्ताह में रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। ताकि उसके बाद की कार्रवाई की जा सके।