जौरा बाजार। फाजिलनगर ब्लाॅक के ग्राम सभा नदवा बिशुनपुर में लंपी रोग फैलने से पशु पालकों में चिंता व्याप्त है। दो टोले को मिलाकर इस गांव में छह पशु बीमार हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या को लेकर गंभीर नहीं हैं।
नदवा बिशुनपुर में लंपी रोग का प्रकोप काफी तेजी से फैल रहा है। नदवा टोले में जयश्री यादव तथा फरहद अली की गाय इस बीमारी की चपेट में आ गई है। पशुपालकों ने बताया कि गाय को टीका लगाने के बाद कोई देखने नहीं आया।
उसी प्रकार बिशुनपुर टोले में रामानंद गुप्ता, सरयू पटेल, लल्लन पटेल तथा नथुनी गुप्ता सहित कई पशुपालकों के पशुओं में लंपी बीमारी फैल रही है, जिससे पशुपालकों में चिंता व्याप्त है। अगर तत्काल इस बीमारी के रोकथाम के लिए पशुपालन विभाग की ओर से उचित कदम नहीं उठाया गया तो पशुपालकों को काफी नुकसान उठाना पड़ सकता है।