पडरौना। शहर के उदित नारायण इंटर कॉलेज में 50वीं उतर प्रदेश वाहिनी की तरफ से चल रहे वार्षिक प्रशिक्षण के सातवें दिन कैडेट्स की कॅरिअर काउंसलिंग की गई। उन्हें मैप रीडिंग और पारंपरिक संकेत के बारे में जानकारी दी गई। इसके बाद कैडेट्सों के बीच विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसमें विजेता टीम को पुरस्कृत किया गया।
खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए कैंप कमांडेंट कर्नल हरीश चंद ने कहा कि खेलकूद प्रतियोगिताओं से युवाओं में नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। इसलिए ऐसे प्रतियोगिताओं में अधिक से अधिक प्रतिभागियों को शामिल होना चाहिए। सबसे पहले वॉलीबाल प्रतियोगिता हुई। इसमें लक्ष्मीगंज की टीम विजेता और हाटा की टीम उपविजेता घोषित हुई। इसके बाद बालिका वर्ग में रस्सा कसी प्रतियोगिता हुई, जिसमें उदित नारायण पीजी कॉलेज की टीम विजेता और जनता इंटर काॅलेज रामकोला की टीम उपविजेता हुई। अंत में कैंप कमांडेंट ने विजेता और उपविजेता टीम को पुरस्कृत किया। इस दौरान रिसालदार मेजर हरजीत सिंह, सुबेदार संजय कुमार, कुलदीप सिंह आदि मौजूद रहे।