- जटहां बाजार थाना क्षेत्र के पड़रही गांव का मामला, पुलिस से बचने के तालाब में फेंकी लाश
- मौके पर पहुंची फारेंसिक टीम ने जांच के लिए जुटाया साक्ष्य, पिता की कहानी को संदिग्ध मान रही पुलिस
पडरौना। जटहां बाजार क्षेत्र के पड़रही गांव के पास तालाब में बृहस्पतिवार को सुबह युवती की लाश मिली। ग्रामीणों ने देखकर इसकी सूचना चौकीदार को दी। चौकीदार की सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाश को तालाब से बाहर निकलवाया। उसकी पहचान धनहा निवासी रमाशंकर कुशवाहा की बेटी मिंता (20) के रूप में हुई है।
पुलिस की पूछताछ में युवती के पिता ने बताया कि बुधवार की रात को पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। बेटी ही बीच बचाव कर कमरे में गई और खुदकुशी कर ली। डर की वजह से उन्होंने इसकी लाश तालाब में फेंक दी। पुलिस बयान को संदिग्ध मानकर अन्य बिंदुओं पर जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो पाएगी।
धनहा निवासी रमाशंकर कुशवाहा व उनकी पत्नी सुमित्रा देवी से किसी बात को लेकर बुधवार की रात करीब 11 बजे कहा सुनी होने लगी। इस दौरान उनकी बीस वर्षीय बेटी मिंता मां का पक्ष लेती हुई पिता से उलझ गई। मारपीट के बाद वह घर के कमरे में चली गई l पिता ने बताया कि कमरे में जाकर उसने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस के डर से परिवार माता-पिता के साथ युवती के छोटे भाई ने मिलकर उसकी लाश गांव के बाहर तालाब में लाकर फेंक दी। सुबह करीब नौ बजे गांव वालों ने तालाब में लाश को देखकर इसकी सूचना चौकीदार को दी। पुलिस के पहुंचने के कुछ देर बाद फॉरेंसिक टीम पहुंची और जांच के लिए साक्ष्य इकट्ठा किए। गांव में इसको लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। वहीं पुलिस मामले को संदिग्ध मानकर मामले की जांच कर रही है।
जटहां बाजार थानाध्यक्ष मनोज कुमार वर्मा ने बताया कि पिता ने पूछताछ में बेटी की खुदकुशी की बात बताई कही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट होगी। कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
-
खुदकुशी की पुलिस को नहीं दी जानकारी
-घर में विवाद के बाद युवती ने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। ये बात पुलिस और ग्रामीणों के गले से नीचे नहीं उतर रही है। लोगों का कहना है कि अगर युवती ने आत्महत्या कर लिया तो तत्काल पुलिस को सूचना दी जानी चाहिए थी, लेकिन घरवालों ने लाश को तालाब में फेंक दिया। यह जांच का विषय है।