राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ेगा कुशीनगर इंटरनेेशनल एयरपोर्ट
कसया (कुशीनगर)। कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट को राष्ट्रीय राजमार्ग-28 से जोड़ा जाएगा। लखनऊ-मुजफ्फरपुर फोरलेन एनएच-28 से जोड़ने के लिए 250 मीटर लंबी व 30 मीटर चौड़ी सड़क बनेगी। इस पर ढाई करोड़ रुपये खर्च होंगे। इस रकम से एनएच-28 बी को जोड़ रहे एयरपोर्ट मार्ग से एनएच-28 स्थित जेटी बाबूू तिराहे को जोड़ने का कार्य होना है। सड़क निर्माण का कार्य लोक निर्माण विभाग का प्रांतीय खंड कराएगा।
कार्यदायी संस्था की तरफ से निर्माण कार्य शुरू कराने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को अनापत्ति प्रमाण पत्र के लिए चिट्ठी भेजी गई है। अनापत्ति प्रमाणपत्र जल्द मिलने की उम्मीद है। कार्यदायी संस्था के मुताबिक अगले सप्ताह से निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। एयरपोर्ट के बाउंड्रीवाल से एक किलोमीटर लंबाई में निर्मित हो चुकी सड़क जहां एनएच-28बी से जुड़ रही है, वहां से शुरू होकर राष्ट्रीय राजमार्ग-28 स्थित जेटी बाबू तिराहे तक बनेगी। अब तक यह 250 मीटर लंबाई में सड़क भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की देखरेख में है।
पीडब्ल्यूडी के जूनियर इंजीनियर आरएन राव ने कहा कि 250 मीटर लंबी फोरलेन सड़क का निर्माण कराया जाएगा। विभाग ने राजमार्ग प्राधिकरण को अनापत्ति प्रमाणपत्र के लिए चिट्ठी भेजी है। प्राधिकरण की तरफ से सहमति मिल चुकी है। जल्द ही निर्माण का कार्य आरंभ हो जाएगा।
21 करोड़ की लागत से बन चुकी है एक किलोमीटर लंबी सड़क
कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के बाउंड्रीवाल से एनएच-28बी हिरण्यावती नदी के करुणा सागर स्थल तक एक किलोमीटर लंबाई में 30 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण हो चुका है। इसके निर्माण में 21 करोड़ 72 लाख 50 हजार रुपये खर्च हो चुके हैं। इस रकम में किसानों से भूमि अधिग्रहण, सड़क निर्माण व टैक्स भी शामिल है। निर्माण कार्य कार्यदायी संस्था पीडब्ल्यूूडी का प्रांतीय खंड लगभग पूरा कर चुका है। अब इस सड़क के निर्माण की कड़ी में बीच में पथ प्रकाश के प्रबंधन के लिए खुदाई का काम पूरा हो चुका है। उसका फाउंडेशन बनाकर स्थापित करने का काम किया जाना है, लेकिन अभी यह तय नहीं हुआ है कि पथ प्रकाश के लगाने का काम कौन करेगा। अधिक उम्मीद है कि यह कार्य भी पीडब्ल्यूूडी ही करे।
नगर के जाम से मिलेगी राहत
कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल बिल्डिंग से राष्ट्रीय राजमार्ग-28 तक बनने वाली 30 मीटर चौड़ी सड़क से आने वाले पर्यटकों, यात्रियों, सैलानियों व देश-विदेश के मेहमानों को सहूलियत होगी। उन्हें कसया नगर के जाम व दूरी के साथ समय की बचत होगी। वर्तमान में एयरपोर्ट पर पहुंचने वाले किसी व्यक्ति को कुशीनगर, बिहार, गोरखपुर अथवा कहीं जाने व आने के लिए नगर से गुजरना पड़ता है। एयरपोर्ट से सीधी सड़क राष्ट्रीय राजमार्ग-28 से जुड़ने के बाद जाम से निजात मिलेगी। समय व दूरी की बचत होगी। चारों तरफ से आने-जाने वाले लोगों को एयरपोर्ट तक पहुंचने में काफी सहूलियत होगी।
2350 मीटर लंबी सड़क बननी बाकी
पीडब्ल्यूडी की मानें तो एयरपोर्ट को अभी सीधे राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने के लिए 2350 मीटर लंबाई में सड़क बनानी बाकी है। यह सड़क एयरपोर्ट टर्मिनल बिल्डिंग से बाउंड्रीवाल तक की है। यह क्षेत्र एएआई के अधिकार क्षेत्र में है, लेकिन इस सड़क के निर्माण का आगणन पीडब्ल्यूडी ने तैयार कर जिला प्रशासन को सौंपा था। विभागीय सूत्रों के मुताबिक इसके निर्माण में करीब 30 करोड़ रुपये लागत आएगी। अगर काम मिला तो सड़क का निर्माण कराया जाएगा।
एयरपोर्ट के टर्मिनल बिल्डिंग के आरक्षित लांज में बैठक के दौरान एयरपोर्ट को फोरलेन से जोड़ने की बात उठी थी। इसे लेकर राजमार्ग प्राधिकरण के अधिशासी अभियंता से सहमति मिल चुकी है। जल्द ही निर्माण का काम शुरू हो जाएगा।
हेमराज सिंह, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी