कोटेदार पर लगाया पीटने का आरोप
विशुनपुरा थानाक्षेत्र के मिश्रौली गांव का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
दुदही। विशुनपुरा थानाक्षेत्र के मिश्रौली गांव के कोटेदार पर गांव के कार्डधारकों ने मारपीट करने का आरोप लगाया है। कार्डधारकों का आरोप है कि बुधवार की सुबह राशन लेने पहुंचे तो कोटेदार के परिजनों ने पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस कोटेदार के पति को थाने लाकर पूछताछ कर रही है।
मिश्रौली गांव के कार्डधारक रामरतन, परमानंद, बाबूलाल शर्मा, मनोहर कुशवाहा, सत्यप्रकाश, रिंकू देवी, प्रयाग कुशवाहा, नामी यादव, नंदकिशोर यादव, कोलाई यादव, शंकर कुशवाहा, भागवत कुशवाहा, नरेश कुशवाहा, महेश यादव, मुन्ना कुशवाहा, गुलशन, महेंद्र, अजय दुबे, मुरारी दुबे, हरिनाम आदि ने आरोप लगाया कि गांव के कोटेदार तीन माह से अंगूठा लगाकर राशन नहीं दे रहा है। इसकी शिकायत एसडीएम समेत अन्य अधिकारियों से की गई है। लोगों ने बताया कि बुधवार की सुबह दस बजे गांव के कार्डधारक राशन लेने पहुंचे तो कोटेदार के परिजन कार्डधारकों के साथ दुर्व्यवहार करने लगे। इसका विरोध करने पर कोटेदार के परिजनों ने कार्डधारकों की पिटाई कर दी। इसके बाद गांव के लोगों ने हंगामा करते हुए इस मामले की सूचना डीएम को दी। डीएम के निर्देश पर विशुनपुरा पुलिस मौके पर पहुंचे और कोटेदार के पति को थाने लाई। जिला पूर्ति अधिकारी दिलीप का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है। जांच कर रिपोर्ट मांगी गई है।