बंजारीपट्टी गांव के युवक का अपहरण, मांगी 40 हजार की फिरौती
खड्डा। थाना क्षेत्र के बंजारीपट्टी गांव के युवक का अपहरण कर उसी के फोन से 40 हजार रुपये की फिरौती मांगने की सूचना से हड़कंप मच गया है। लोकेशन के आधार पर पुलिस बिहार के वाल्मीकि टाइगर रिजर्व जंगल सहित संभावित स्थानों पर तलाश में जुट गई है।
परिजनों व पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, बंजारीपट्टी गांव निवासी रतन शर्मा (19) रविवार को सुबह करीब दस बजे घर से पैदल ही खड्डा जाने के लिए निकला था। दोपहर बाद रतन के मोबाइल नंबर से दिल्ली रह रहे उसके भाई के मोबाइल पर फोन गया कि रतन का अपहरण कर लिया गया है। 40 हजार रुपये उसके बैंक खाते में डालिए। अपहरण करने वाले उसका एटीएम भी अपने कब्जे में ले लिए हैं। जानकारी होने के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया। रतन के दूसरे भाई ज्ञानेश्वर शर्मा ने खड्डा पुलिस को अपहरण कर फिरौती मांगने की सूचना दी तो पुलिस तुरंत हरकत में आई। एसआई पीके सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने उसकी तलाश शुरू कर दी। छानबीन में पता चला कि दोपहर डेढ़ बजे तक रतन खड्डा कस्बे में दिखाई दिया था। मोबाइल नंबर के लोकेशन के आधार पर पुलिस रतन के भाई के साथ वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के जंगल सहित संभावित स्थानों पर तलाश कर रही है। इस घटना के पीछे की हकीकत पता लगाने में भी पुलिस जुटी हुई है। बताया जा रहा है कि रतन गांव में चलने वाले समूह में पैसे के लेन-देन के कार्य से जुड़ा रहा है।
एसआई पीके सिंह ने बताया कि एक युवक का अपहरण करने व चालीस हजार रुपये फिरौती की मांग की सूचना मिली है। संभावित स्थानों पर छानबीन की जा रही है। शीघ्र ही मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।