जिले के रवि को कर्नाटक में मिला सिल्वर मेडल
कर्नाटक के बेल्लारी में आयोजित थी राष्ट्रीय सब जूनियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
कुशीनगर। कर्नाटक के बेल्लारी में आयोजित राष्ट्रीय सब जूनियर बॉक्सिंग चैंपियनशिप में जिले के धर्मपुर खुर्द निवासी रवि गोंड को सिल्वर मेडल मिला है। उन्होंने इस प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश की मुक्केबाजी टीम का प्रतिनिधित्व किया।
रवि के कोच धीरेंद्र प्रताप सिंह उर्फ गोल्डन ने बताया कि यह प्रतियोगिता 20 से 26 मई तक आयोजित हुई। रवि गोंड ने इस प्रतियोगिता के दौरान स्टील प्लांट स्पोर्ट्स बोर्ड आसाम, कर्नाटक और पंजाब के खिलाड़ियों को हराते हुए राष्ट्रीय चैंपियनशिप के फाइनल मुकाबले में बृहस्पतिवार को पहुंचे थे। फाइनल में उनका मुकाबला सर्विसेज स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड के खिलाड़ी देवांग से हुआ। बेहतरीन मुकाबले में पराजय के बाद उन्हें सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा। रवि का प्रशिक्षण जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम रविंद्रनगर (कुशीनगर) में चलता है।
फाइनल मुकाबले में उनके सिल्वर पदक जीतने पर जिला क्रीड़ाधिकारी रवि कुमार निषाद, जिला बॉक्सिंग संघ के अध्यक्ष राधेश्याम पांडेय, उपाध्यक्ष मारकंडेय शाही, दुर्गा पांडेय, संदीप मिश्रा, नीरज सिंह, रवि कश्यप, मोहम्मद आजम, अभिषेक गुप्ता, विजेंद्र सिंह, रामनाथ शुक्ला, व्यायाम शिक्षक अनिल मिश्रा, ममता भारती, सुभम वर्मा आदि ने प्रसन्नता जताई है।